पचपहाड तहसील कार्यालय का जिला कलक्टर ने किया निरीक्षण, गैर-खातेदारी का एक भी मामला लंबित न रहने पर टीम को सराहा

भवानीमंडी। जिला कलक्टर अजय सिंह राठौड़ ने गुरुवार को तहसील कार्यालय पचपहाड़ का औचक निरीक्षण कर राजस्व कार्यों और कार्यालयीन व्यवस्थाओं की स्थिति का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने तहसील की विभिन्न शाखाओं में राजस्व प्रकरणों के निस्तारण, रिकॉर्ड संधारण और आमजन को मिल रही सेवाओं की बारीकी से समीक्षा की।

​समीक्षा बैठक के दौरान कलक्टर राठौड़ ने तहसीलदार और संबंधित अधिकारियों से शाखावार प्रगति रिपोर्ट ली। निरीक्षण में सामने आया कि पचपहाड़ तहसील क्षेत्र में वर्तमान में गैर-खातेदारी का एक भी प्रकरण लंबित नहीं है। इस उत्कृष्ट कार्यशैली पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए जिला कलक्टर ने तहसीलदार व समस्त राजस्व टीम की समर्पण और मेहनत की सराहना की। उन्होंने कहा कि समयबद्ध और पारदर्शी कार्य निस्तारण से ही आम नागरिक को त्वरित राहत मिलती है। साथ ही अधिकारियों को निर्देश दिए कि भविष्य में भी प्रकरणों के निस्तारण की यही गति और गुणवत्ता बनाए रखें, ताकि जनता को बार-बार दफ्तरों के चक्कर न काटने पड़ें।

​निरीक्षण के बाद जिला कलक्टर ने तहसील परिसर का भ्रमण किया और परिसर में पौधारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। उन्होंने अधिकारियों व कर्मचारियों को लगाए गए पौधों की नियमित देखभाल सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए।

​इस अवसर पर उपखण्ड अधिकारी भवानीमंडी श्रद्धा गोमे, तहसीलदार अब्दुल हफीज समेत तहसील कार्यालय के विभिन्न अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!