ह
भवानीमंडी। यात्रियों की सुविधा और बेहतर रेल कनेक्टिविटी को देखते हुए रेल प्रशासन ने एक बड़ा फैसला लिया है। हिसार और खड़की के बीच चलने वाली स्पेशल ट्रेन को अब नियमित सुपरफास्ट एक्सप्रेस बना दिया गया है। आगामी 26 जुलाई 2026 से यह ट्रेन नए नंबर के साथ नियमित रूप से पटरियों पर दौड़ेगी, जिसका प्रत्यक्ष लाभ भवानीमंडी और कोटा मंडल के यात्रियों को मिलेगा।
वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक सौरभ जैन ने बताया कि वर्तमान में चल रही विशेष गाड़ी संख्या 04725/04726 (हिसार–खड़की) को अब नियमित सुपरफास्ट गाड़ी संख्या 22979/22980 में बदल दिया गया है।
ट्रेन का नया शेड्यूल:
- गाड़ी संख्या 22979 (हिसार से खड़की): 26 जुलाई 2026 से प्रत्येक रविवार को संचालित होगी।
- गाड़ी संख्या 22980 (खड़की से हिसार): 27 जुलाई 2026 से प्रत्येक सोमवार को संचालित होगी।
भवानीमंडी सहित इन प्रमुख स्टेशनों पर होगा ठहराव:
यह सुपरफास्ट एक्सप्रेस भवानीमंडी के अलावा कोटा मंडल के कोटा, रामगंज मंडी और सवाई माधोपुर स्टेशनों पर रुकेगी। इसके साथ ही सादुलपुर, लोहारू, चिड़ावा, झुंझुनू, नवलगढ़, सीकर, रींगस, जयपुर, दुर्गापुरा, रतलाम, वडोदरा, भरूच, सूरत, वापी, वसई रोड और लोनावला जैसे प्रमुख स्टेशनों पर भी इसका ठहराव तय किया गया है।
नोट: यात्री ट्रेन की समय-सारणी और रनिंग स्टेटस की विस्तृत जानकारी NTES ऐप या रेलवे की आधिकारिक वेबसाइट (www.enquiry.indianrail.gov.in) से प्राप्त कर सकते हैं।
