प
य
कैप्चा और अनावश्यक स्टेप्स से मिलेगी राहत, सभी श्रेणियों में सीट उपलब्धता एक साथ दिखेगी
कोटा। ( जगदीश पोरवाल ) रेल यात्रियों को अधिक सरल, तेज़ एवं सुविधाजनक ऑनलाइन टिकट बुकिंग अनुभव उपलब्ध कराने के उद्देश्य से भारतीय रेलवे खानपान एवं पर्यटन निगम (आईआरसीटीसी) ने अपनी नई वेबसाइट का बीटा वर्जन यात्रियों के लिए उपलब्ध करा दिया है। नई वेबसाइट में यूजर एक्सपीरियंस को बेहतर बनाने के लिए कई महत्वपूर्ण बदलाव किए गए हैं, जिससे टिकट बुकिंग प्रक्रिया पहले की तुलना में अधिक सहज और कम समय लेने वाली होगी।
वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक श्री सौरभ जैन ने बताया कि नई वेबसाइट में यात्रियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए चार प्रमुख सुधार किए गए हैं। इन बदलावों से टिकट बुकिंग के दौरान आने वाली सामान्य कठिनाइयों में कमी आएगी तथा पूरी प्रक्रिया अधिक सरल और तेज़ बनेगी।
नई वेबसाइट पर टिकट बुकिंग के दौरान अनावश्यक कैप्चा, अतिरिक्त पॉप-अप तथा ध्यान भटकाने वाले ग्राफिक्स को हटा दिया गया है, जिससे यात्री बिना किसी बाधा के आसानी से टिकट बुक कर सकेंगे। इसके अतिरिक्त अब किसी ट्रेन में उपलब्ध सभी श्रेणियों की सीटों की स्थिति एक ही स्क्रीन पर देखी जा सकेगी। इससे अलग-अलग श्रेणियों में बार-बार खोज करने की आवश्यकता नहीं होगी और यात्रियों का समय भी बचेगा।
वेबसाइट में टिकट बुकिंग के स्टेप्स की संख्या भी कम की गई है, जिससे पूरी प्रक्रिया पहले से अधिक तेज़ होगी। साथ ही, बार-बार यात्रा करने वाले यात्रियों के लिए उनकी आवश्यक जानकारी सुरक्षित रखने की सुविधा भी उपलब्ध कराई गई है, जिससे दोबारा टिकट बुक करना और अधिक आसान हो जाएगा।
श्री जैन ने बताया कि नई वेबसाइट के डिजाइन और यूजर एक्सपीरियंस को बेहतर बनाने में एमएनआईटी, जयपुर के विद्यार्थियों द्वारा दिए गए सुझावों को भी शामिल किया गया है। ये सुझाव विद्यार्थियों ने रेल मंत्री श्री अश्विनी वैष्णव के साथ संवाद के दौरान प्रस्तुत किए थे। वर्तमान में आईआरसीटीसी की वेबसाइट प्रतिदिन औसतन लगभग 14.5 लाख टिकटों की बुकिंग संभालती है। ऐसे में नई सुविधाओं का लाभ देशभर के लाखों रेल यात्रियों को मिलेगा।
बीटा वर्जन को वर्तमान आईआरसीटीसी वेबसाइट के होमपेज पर उपलब्ध लिंक के माध्यम से भी देखा और उपयोग किया जा सकता है। भविष्य में इस वेबसाइट को नए पैसेंजर रिजर्वेशन इंजन (पीआरई) के साथ भी एकीकृत किया जाएगा, जिससे ऑनलाइन टिकट बुकिंग का अनुभव और अधिक तेज़, सुरक्षित तथा सुविधाजनक होगा।
यात्रियों से अपील: आईआरसीटीसी ने यात्रियों से नई वेबसाइट के बीटा वर्जन का उपयोग कर अपने सुझाव एवं फीडबैक साझा करने का अनुरोध किया है, ताकि प्राप्त सुझावों के आधार पर वेबसाइट को और अधिक यूजर-फ्रेंडली बनाया जा सके।
व
