साइबर फ्रॉड के खिलाफ भवानीमंडी पुलिस ने कार्रवाई कर मूल खाताधारक सहित 2 आरोपीयों को गिरफ्तार किया

भवानीमंडी (झालावाड़)। बढ़ते साइबर अपराधों पर अंकुश लगाने के लिए राजस्थान पुलिस द्वारा चलाए जा रहे विशेष अभियान ‘साइबर शील्ड’ के तहत भवानीमंडी थाना पुलिस को एक बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने साइबर फ्रॉड की राशि को अपने बैंक खातों में डलवाने वाले मूल खाताधारक राहुल बैरागी और उसके सहयोगी जीशान अली को गिरफ्तार किया है।

कमीशन के लालच और मौज-मस्ती के लिए किया अपराध

पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपी राहुल कुमार बैरागी (उम्र 18 वर्ष), पुत्र श्री सांवरिया बैरागी, निवासी आंवली कलां, कमीशन के लालच में आकर अपने बैंक खाते का उपयोग साइबर फ्रॉड की राशि मंगाने के लिए कर रहा था। वहीं, उसका सहयोगी जीशान अली (उम्र 18 वर्ष), पुत्र श्री अब्दुल हलीम, निवासी सरकारी कुएं के पास, वार्ड नंबर-23, भवानीमंडी, इस फ्रॉड राशि की नकद निकासी (Cash Withdrawal) करके उसका उपयोग अपने महंगे शौक पूरे करने और मौज-मस्ती के लिए करता था।

गुप्त सूचना और तकनीकी विश्लेषण से हुआ खुलासा

घटना के विवरण के अनुसार, 14 जुलाई 2026 को साइबर शील्ड अभियान के तहत उपनिरीक्षक (सउनि) श्री वीरेंद्र सिंह को गुप्त सूचना मिली कि राहुल बैरागी ने साइबर फ्रॉड के लिए एक मूल बैंक खाता खोल रखा है। पुलिस द्वारा बैंक खाते की गहनता से जांच और तकनीकी विश्लेषण करने पर पाया गया कि इस खाते के माध्यम से आमजन से साइबर ठगी कर लाभ कमाया जा रहा था। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने आरोपी राहुल कुमार के खिलाफ अपराध धारा 318(4), 316(2) बी.एन.एस. 2023 व धारा 66डी आईटी एक्ट के तहत मामला दर्ज किया।

पुलिस टीम की विशेष भूमिका

जिला पुलिस अधीक्षक श्री अमित कुमार (I.P.S.), अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री भागचंद मीणा (R.P.S.) के निर्देशन तथा वृताधिकारी श्री सत्यनारायण गोदारा (R.S.S.) के निकटतम सुपरविजन में भवानीमंडी थानाधिकारी श्री प्रमोद कुमार के नेतृत्व में एक विशेष टीम का गठन किया गया था। टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दोनों आरोपियों को धर दबोचा। इस पूरी कार्रवाई में उपनिरीक्षक वीरेंद्र सिंह और कांस्टेबल तेजेन्द्र सिंह (नंबर 1379) की विशेष भूमिका रही। टीम में कांस्टेबल हरीराम (नंबर 1258) भी शामिल थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!