11 अक्टूबर से शुरू होगी नियमित सेवा
भवानीमंडी। (जगदीश पोरवाल ) क्षेत्र के रेल यात्रियों के लिए राहत भरी खबर है। रेलवे प्रशासन ने यात्रियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए गाड़ी संख्या 01407/01408 खड़की–ढेहर का बालाजी स्पेशल को नियमित एक्सप्रेस का दर्जा दे दिया है। अब यह ट्रेन गाड़ी संख्या 20105/20106 खड़की–ढेहर का बालाजी–खड़की साप्ताहिक एक्सप्रेस के रूप में संचालित होगी। इस ट्रेन का ठहराव भवानीमंडी स्टेशन पर तय किया गया है, जिससे स्थानीय निवासियों और व्यापारियों को महाराष्ट्र तथा जयपुर मार्ग के लिए सीधी और बेहतर रेल सुविधा मिलेगी।
भवानीमंडी में यह रहेगा समय
वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक श्री सौरभ जैन ने बताया कि गाड़ी संख्या 20105 खड़की–ढेहर का बालाजी एक्सप्रेस 11 अक्टूबर से प्रत्येक रविवार को खड़की से सुबह 09:45 बजे रवाना होगी। यह ट्रेन अगले दिन (सोमवार) तड़के 01:18 बजे भवानीमंडी पहुंचेगी और यहां ठहराव के बाद रामगंज मंडी, कोटा व सवाई माधोपुर होते हुए सुबह 08:50 बजे ढेहर का बालाजी (जयपुर) पहुंचेगी।
वापसी में गाड़ी संख्या 20106 ढेहर का बालाजी–खड़की एक्सप्रेस 12 अक्टूबर से प्रत्येक सोमवार को ढेहर का बालाजी से दोपहर 12:00 बजे प्रस्थान करेगी। यह ट्रेन जयपुर, सवाई माधोपुर, कोटा व रामगंज मंडी होते हुए शाम 17:10 बजे भवानीमंडी पहुंचेगी और अगले दिन सुबह 09:55 बजे खड़की पहुंचेगी।
कोटा मण्डल के इन 4 स्टेशनों के यात्रियों को मिलेगा फायदा
रेलवे द्वारा जारी अधिकृत समय-सारणी के अनुसार कोटा मण्डल क्षेत्र में यह ट्रेन भवानीमंडी, रामगंज मंडी, कोटा जंक्शन एवं सवाई माधोपुर जंक्शन पर ठहरेगी। इससे न केवल भवानीमंडी और रामगंज मंडी के पत्थर व कृषि व्यापारियों को सहूलियत होगी, बल्कि कोटा व सवाई माधोपुर से मुंबई, पुणे व वसई रोड की ओर जाने वाले यात्रियों को भी एक अतिरिक्त नियमित एक्सप्रेस की सुविधा मिल सकेगी।
