शिक्षा अधिकारियों का औचक निरीक्षण: कई जगह व्यवस्थाएं मिलीं चाक-चौबंद, कहीं सुधार के निर्देश

भवानीमंडी/झालावाड़, (जगदीश पोरवाल ) 15 जुलाई।

मुख्य ब्लॉक शिक्षा अधिकारी (CBEO) रामकरण मेघवाल एवं अन्य शिक्षा अधिकारियों द्वारा बुधवार को क्षेत्र के विभिन्न राजकीय विद्यालयों का आकस्मिक निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान जहाँ कुछ विद्यालयों में शिक्षण व अन्य व्यवस्थाएं उत्कृष्ट पाई गईं, वहीं कुछ स्थानों पर गंदगी व कमियों को लेकर प्रभारियों को सुधार के सख्त निर्देश दिए गए।

राउमावि घटोद में व्यवस्थाएं मिलीं उत्कृष्ट

​मुख्य ब्लॉक शिक्षा अधिकारी रामकरण मेघवाल ने सुबह 7:31 बजे राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय घटोद का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान विद्यालय में प्रार्थना सभा, नियमित कक्षाएं, शिक्षण कार्य और कार्यालय से संबंधित रिकॉर्ड पूरी तरह व्यवस्थित पाए गए। विद्यालय में पेयजल, शौचालय और वृक्षारोपण की स्थिति भी बेहतरीन मिली। सीबीईओ ने विद्यालय की शिक्षण व्यवस्थाओं की सराहना की।

बालिका विद्यालय गणेशपुरा में संतोषजनक स्थिति, बालक विद्यालय में 5 कार्मिक मिले अवकाश पर

​अतिरिक्त मुख्य ब्लॉक शिक्षा अधिकारी (ACBEO) कल्याण मल मेघवाल ने राजकीय बालिका उच्च माध्यमिक विद्यालय एवं राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय (बालक) गणेशपुरा गणनावद का अवलोकन किया।

  • बालिका विद्यालय: यहाँ सभी व्यवस्थाएं व्यवस्थित और संतोषजनक पाई गईं।
  • बालक विद्यालय: यहाँ निरीक्षण के दौरान 5 कार्मिक अवकाश पर पाए गए। एसीबीईओ ने यहाँ की व्यवस्थाओं में सुधार की आवश्यकता जताते हुए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

राउप्रावि ताल में साफ-सफाई और एमडीएम को लेकर निर्देश

​एसीबीईओ कल्याण मल मेघवाल ने राजकीय उच्च प्राथमिक विद्यालय ताल का भी औचक निरीक्षण किया। यहाँ शिक्षक अध्यापन कार्य कराते हुए मिले और पोषाहार (MDM) बनता हुआ पाया गया। हालांकि, विद्यालय परिसर में गंदगी पाए जाने पर नाराजगी व्यक्त करते हुए प्रधानाध्यापक को साफ-सफाई दुरुस्त करने और पोषाहार सामग्री को सही व सुरक्षित स्थान पर व्यवस्थित रखने के निर्देश दिए गए।

राउप्रावि लाल व खोरिया में गृह कार्य का अवलोकन

​अधिकारियों द्वारा राजकीय उच्च प्राथमिक विद्यालय लाल व खोरिया का निरीक्षण किया गया। यहाँ कुल 6 कार्मिकों में से 3 कार्मिक ओबीसी (OBC) सर्वे कार्य में व्यस्त मिले। निरीक्षण के दौरान छात्रों की डायरी व अध्यापक डायरी का बारीकी से अवलोकन किया गया। छात्रों को नियमित गृह कार्य दिया जा रहा था। अधिकारियों ने समय पर पाठ्यक्रम (शिक्षण कार्य) पूर्ण करने के निर्देश दिए।

राउमावि झालावाड़ रोड पर हुआ वृक्षारोपण

​संदर्भ व्यक्ति (RP) अमित अग्रवाल ने राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय झालावाड़ रोड का आकस्मिक निरीक्षण किया। यहाँ 2 कार्मिक आकस्मिक अवकाश पर थे, जिनकी प्रविष्टि स्टाफ रजिस्टर में दर्ज पाई गई। शेष सभी कार्मिक उपस्थित मिले। विद्यालय में प्रधानाचार्य अशोक मीणा के नेतृत्व में वृक्षारोपण कार्य किया जा रहा था। संदर्भ व्यक्ति ने शिक्षण कार्य को और अधिक व्यवस्थित करने, नियमित कक्षाएं संचालित करने तथा गृह कार्य का नियमित अवलोकन करने के निर्देश दिए।

राउप्रावि कालियाखेड़ी में गणवेश हेतु निर्देश

​इसके पश्चात संदर्भ व्यक्ति अमित अग्रवाल ने राजकीय उच्च प्राथमिक विद्यालय कालियाखेड़ी का रुख किया। निरीक्षण के दौरान शिक्षक कक्षाओं में अध्यापन कार्य कराते हुए मिले। श्री अग्रवाल ने विद्यालय भवन में कक्षाओं को और अधिक व्यवस्थित रूप से संचालित करने तथा विद्यार्थियों को नियमित रूप से निर्धारित गणवेश (यूनिफॉर्म) में आने के लिए पाबंद करने के निर्देश दिए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!