भवानी मंडी, 14 जुलाई।
शहर के व्यस्ततम इलाके उषा कॉलोनी में मंगलवार को दिनदहाड़े ठगी की एक सनसनीखेज वारदात सामने आई है। एक शातिर ठग ने पुरानी जान-पहचान का झांसा देकर एक रेस्टोरेंट व्यवसायी को अपना शिकार बनाया और 2400 रुपये नकदी सहित एक कर्मचारी का कीमती मोबाइल लेकर रफूचक्कर हो गया। पीड़ित पक्ष की ओर से भवानीमंडी थाना पुलिस में मामला दर्ज कराया गया है।
पुरानी पहचान बताकर जाल में फंसाया
प्राप्त जानकारी के अनुसार, उषा कॉलोनी स्थित ‘फूड वाला रेस्टोरेंट’ के प्रोपराइटर अशोक खंडेलवाल के पास आज एक अज्ञात व्यक्ति आया। उसने खुद को भारत गैस एजेंसी का कर्मचारी बताया और पुरानी जान-पहचान का हवाला देकर व्यवसायी का विश्वास जीत लिया। ठग ने झांसा दिया कि आने वाले दिनों में गैस सिलेंडरों की भारी किल्लत होने वाली है। उसने सस्ते में दो सिलेंडर (1200 रुपये प्रति सिलेंडर) दिलवाने का ऑफर दिया।
कर्मचारी को चकमा देकर हुआ फरार
व्यवसायी ठग की बातों में आ गए और उन्होंने दो सिलेंडरों की राशि 2400 रुपये देकर अपने एक कर्मचारी को उस व्यक्ति के साथ भेज दिया। शातिर ठग कर्मचारी को लेकर जयपुरिया मिल की तरफ गया। वहाँ पहुँचकर उसने बेहद शातिराना तरीके से कर्मचारी को चकमा दिया और उसके पास रखे 2400 रुपये नकदी सहित उसका करीब 17,000 रुपये की कीमत का विवो (Vivo) कंपनी का मोबाइल फोन लेकर मौके से फरार हो गया।
थाने में मामला दर्ज: काफी देर तक तलाश करने के बाद जब ठग का कोई सुराग नहीं मिला, तो पीड़ित व्यवसायी ने भवानीमंडी थाने में घटना की लिखित रिपोर्ट दर्ज कराई। पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज के आधार पर शातिर ठग की तलाश शुरू कर दी है।

