कोटा मंडल के रेलकर्मी रविन्द्र लखारा को राष्ट्रीय ‘रेल यात्रा वृत्तांत पुरस्कार’, मंडल में खुशी की लहर

क (जनसंदेश- जगदीश पोरवाल ) 13 जुलाई 2026

कोटा। पश्चिम मध्य रेलवे के कोटा मंडल के नाम एक और बड़ी राष्ट्रीय उपलब्धि दर्ज हुई है। मंडल में वरिष्ठ प्रचार निरीक्षक के पद पर कार्यरत श्री रविन्द्र लखारा को रेल मंत्रालय, रेलवे बोर्ड की प्रतिष्ठित “रेल यात्रा वृत्तांत पुरस्कार योजना-2025” के तहत राष्ट्रीय स्तर पर ‘प्रेरणा पुरस्कार’ के लिए चुना गया है। उनके द्वारा लिखित हिंदी रेल यात्रा वृत्तांत “भोपाल से जोधपुर की मेरी यात्रा: एक यादगार दीपावली” ने देशभर से आई हजारों प्रविष्टियों के बीच अपनी जगह बनाई है।

​इस गौरवपूर्ण उपलब्धि पर खुशी जाहिर करते हुए मंडल रेल प्रबंधक (DRM) श्री अनिल कालरा ने रविन्द्र लखारा को बधाई व शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि यह सम्मान न केवल लखारा के व्यक्तिगत रचनात्मक कौशल को दर्शाता है, बल्कि पूरे कोटा मंडल और पश्चिम मध्य रेलवे के लिए अत्यंत गौरव का विषय है। इससे अन्य रेल कर्मचारियों में भी हिंदी लेखन और सृजनात्मक अभिव्यक्ति के प्रति उत्साह बढ़ेगा।

​देश की शीर्ष 8 प्रविष्टियों में मिली जगह

​वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक श्री सौरभ जैन ने पुरस्कार की महत्ता पर प्रकाश डालते हुए बताया कि रेल मंत्रालय द्वारा प्रतिवर्ष आयोजित होने वाली इस राष्ट्रीय प्रतियोगिता में देशभर के साहित्यकारों, प्राध्यापकों, आम नागरिकों और रेल अधिकारियों-कर्मचारियों की हजारों प्रविष्टियां प्राप्त होती हैं। रेलवे बोर्ड की उच्च स्तरीय समिति द्वारा बेहद कड़े मूल्यांकन के बाद पूरे देश से केवल आठ सर्वश्रेष्ठ प्रविष्टियों (प्रथम, द्वितीय, तृतीय और पांच प्रेरणा पुरस्कार) का चयन किया जाता है। इस बड़ी उपलब्धि के लिए रविन्द्र लखारा को रेलवे बोर्ड द्वारा 4,000 रुपये की पुरस्कार राशि और प्रशस्ति-पत्र प्रदान किया जाएगा।

​कोटा मंडल के राजभाषा विभाग के नाम नया इतिहास

​कोटा मंडल के लिए यह क्षण इसलिए भी ऐतिहासिक है क्योंकि इस प्रतियोगिता के इतिहास में पहली बार कोटा मंडल के किसी कर्मचारी को राष्ट्रीय स्तर पर सम्मानित किया गया है। चूंकि यह प्रतियोगिता रेलवे बोर्ड के राजभाषा विभाग द्वारा आयोजित की जाती है, इसलिए यह सफलता कोटा मंडल के राजभाषा विभाग के प्रयासों पर भी मुहर लगाती है। इस पुरस्कार से मंडल में राजभाषा हिंदी के प्रचार-प्रसार को राष्ट्रीय पहचान मिली है, जो भविष्य में रेलकर्मियों को साहित्यिक और रचनात्मक लेखन के लिए प्रेरित करेगी।

मुख्य बिंदु:

  • ​कोटा मंडल के वरिष्ठ प्रचार निरीक्षक रविन्द्र लखारा ने जीता राष्ट्रीय स्तर का ‘प्रेरणा पुरस्कार’।
  • ​उनके वृत्तांत “भोपाल से जोधपुर की मेरी यात्रा: एक यादगार दीपावली” को मिला देश भर में स्थान।
  • ​कोटा मंडल के इतिहास में पहली बार किसी रेलकर्मी को मिला यह प्रतिष्ठित सम्मान।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!