महात्मा गांधी और देवरिया स्कूल की व्यवस्थाएं मिलीं चाक-चौबंद, शिक्षकों की ड्रेस कोड की सराहना
भवानीमंडी। ( जगदीश पोरवाल ) मुख्य जिला शिक्षा अधिकारी (सीडीईओ) राम सिंह मीणा ने सोमवार को भवानीमंडी ब्लॉक के विभिन्न विद्यालयों का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान पीएम श्री पोद्दार विद्यालय में भारी अव्यवस्थाएं और लापरवाही मिलने पर उन्होंने गहरी नाराजगी व्यक्त की और भविष्य में सुधार न होने पर सख्त अनुशासनात्मक कार्रवाई की चेतावनी दी। वहीं दूसरी ओर, महात्मा गांधी और देवरिया स्कूल की बेहतर व्यवस्थाओं पर संतोष जताया।
पीएम श्री स्कूल में अव्यवस्थाओं का अंबार, लैब पर लगा मिला ताला
सीडीईओ राम सिंह मीणा जब पीएम श्री पोद्दार विद्यालय भवानीमंडी पहुंचे, तो वहां अव्यवस्थाओं का नजारा देखने को मिला। निरीक्षण में सामने आया कि:
- मूवमेंट रजिस्टर खाली: प्रधानाचार्य विद्यालय में हस्ताक्षर करने के बाद बिना मूवमेंट रजिस्टर में एंट्री किए पिपलिया चले गए थे। स्टाफ के अन्य सदस्यों का भी आना-जाना रजिस्टर में दर्ज नहीं था।
- शिक्षण कार्य भगवान भरोसे: अध्यापक दैनिक डायरी का इंद्राज गायब मिला। कुछ ही कक्षाएं संचालित थीं, जबकि बच्चे स्कूल प्रांगण में घूमते पाए गए।
- बंद पड़ी थीं लैब: कंप्यूटर लैब पर ताला लटका था, जिसे सीडीईओ ने खुलवाया तो वहां धूल-मिट्टी जमी मिली।
- मूलभूत सुविधाओं की बदहाली: शौचालय में सफाई का नामोनिशान नहीं था और पेयजल व्यवस्था भी पूरी तरह बदहाल पाई गई।
- योजनाओं का अतापता नहीं: स्टाफ द्वारा कोई कार्ययोजना नहीं बनाई गई थी और न ही पीएम श्री या अन्य राजकीय योजनाओं का कोई लिखित रिकॉर्ड (इंद्राज) मिला।
अधिकारी की चेतावनी: सीडीईओ ने इन तमाम कमियों पर सख्त नाराजगी जताते हुए संस्था प्रधान व स्टाफ को आड़े हाथों लिया और कहा कि भविष्य में यदि ऐसी लापरवाही दोबारा मिली, तो विभागीय स्तर पर कड़ी अनुशासनात्मक कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।
महात्मा गांधी स्कूल में अधिकारियों ने चखा पोषाहार
इसके बाद सीडीईओ ने राजकीय महात्मा गांधी नूतन उच्च माध्यमिक विद्यालय भवानीमंडी का अवलोकन किया। यहां व्यवस्थाएं काफी बेहतर और व्यवस्थित पाई गईं। कक्षाएं सुचारू रूप से संचालित थीं और शिक्षण कार्य बेहतर मिला। निरीक्षण के दौरान मुख्य ब्लॉक शिक्षा अधिकारी (सीबीईओ) रामकरण मेघवाल ने स्वयं पोषाहार को चखकर उसकी गुणवत्ता की जांच की, जो मीनू के अनुसार सही पाया गया।
देवरिया स्कूल में सुरक्षा और गणवेश की तारीफ
राजकीय उच्च प्राथमिक विद्यालय देवरिया के निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने वहां चल रहे निर्माण कार्य का जायजा लिया और भवन की सुरक्षा को लेकर गहनता से जानकारी ली। स्कूल में नियमित कक्षाएं चलती मिलीं। सबसे खास बात यह रही कि भवानीमंडी ब्लॉक के इस विद्यालय में सभी शिक्षक और शिक्षिकाएं पूर्ण गणवेश (ड्रेस कोड) में प्रतिदिन शिक्षण कार्य करवाते मिले, जिसकी सीडीईओ ने सराहना की।


