भवानीमंडी (जगदीश पोरवाल )
कोटा मंडल द्वारा रेल राजस्व की सुरक्षा तथा अनियमित यात्राओं पर प्रभावी नियंत्रण के उद्देश्य से विभिन्न स्टेशनों पर विशेष टिकट जांच अभियान निरंतर संचालित किए जा रहे हैं। इसी क्रम में मंडल रेल प्रबंधक श्री अनिल कालरा के मार्गदर्शन एवं वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक श्री सौरभ जैन के निर्देशन में गुरुवार (9 जुलाई) को भवानीमंडी स्टेशन पर ‘किलाबंदी’ टिकट चेकिंग अभियान चलाया गया। सुबह 08:00 बजे से अपराह्न 04:00 बजे तक चले इस सघन अभियान में बिना टिकट यात्रा करने वाले 35 यात्रियों को पकड़ा गया, जिनसे मौके पर ही ₹19,600 का किराया व जुर्माना वसूला गया।
स्टेशन के रास्तों की घेराबंदी कर जांच
वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक श्री सौरभ जैन ने बताया कि अभियान का नेतृत्व मुख्य वाणिज्य निरीक्षक श्री राजेश मीणा ने किया। इस दौरान मुख्य टिकट निरीक्षक श्री एन.एस. मीणा के साथ चल टिकट परीक्षक अमित सिंह, रामकेश मीणा, देवीलाल मीणा, दीनदयाल, उमेश कुमार, ऋषभ कुमार एवं इकरामुद्दीन सहित कुल 8 टिकट चेकिंग स्टाफ तथा रेलवे सुरक्षा बल (RPF) के 2 जवानों ने सहभागिता की। टीम ने स्टेशन से बाहर निकलने वाले सभी मुख्य मार्गों की ‘किलाबंदी’ (घेराबंदी) कर यात्रियों के टिकटों की सघन जांच की। इस दौरान कुल 7 ट्रेनों के यात्रियों की चेकिंग की गई।
नए रेलवे नियमों के प्रति किया जागरूक
अधिकारियों ने बताया कि इस विशेष अभियान का उद्देश्य केवल बिना टिकट यात्रियों को पकड़ना नहीं था, बल्कि यात्रियों को रेलवे के नए नियमों के प्रति जागरूक करना भी था। टीम द्वारा यात्रियों को 20 जून 2026 से लागू हुए ‘जन विश्वास (संशोधन उपबंध) अधिनियम, 2026’ के अंतर्गत रेलवे अधिनियम में किए गए संशोधित प्रावधानों की जानकारी दी गई। यात्रियों को समझाया गया कि वे हमेशा वैध टिकट लेकर ही यात्रा करें और रेलवे नियमों का पालन करें।
रेलवे प्रशासन की अपील:
वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक ने यात्रियों से अपील की है कि वे सदैव वैध टिकट लेकर ही सफर करें। प्रतीक्षा सूची (वेटिंग लिस्ट) ई-टिकट एवं प्लेटफॉर्म टिकट पर यात्रा करना पूरी तरह वर्जित है। यात्री असुविधा से बचने के लिए रेलवे की अधिकृत टिकट बुकिंग प्रणाली या ‘यूटीएस’ (UTS) मोबाइल ऐप के माध्यम से आसानी से टिकट बुक कर सकते हैं।

