छत के रास्ते दुकान में घुसे चोर, 40-50 हजार रुपये के सिक्के और डीवीआर ले उड़े


बालाजी चौराहा स्थित खंडेलवाल टी एंड ट्रेडिंग कंपनी को बनाया निशाना, सीसीटीवी कैमरे भी किए क्षतिग्रस्त

भवानीमंडी, ( जगदीश पोरवाल )। शहर के बालाजी चौराहा क्षेत्र में बुधवार देर रात चोरों ने एक दुकान को निशाना बनाते हुए फिल्मी अंदाज में वारदात को अंजाम दिया। चोर छत के रास्ते दुकान में घुसे, दरवाजा तोड़कर अंदर प्रवेश किया और गल्ले में रखे करीब 40 से 50 हजार रुपये मूल्य के सिक्के चोरी कर ले गए। जाते समय चोर दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरों का डीवीआर भी साथ ले गए तथा कैमरों को क्षतिग्रस्त कर दिया, जिससे उनकी पहचान नहीं हो सके।

जानकारी के अनुसार, बालाजी चौराहा स्थित खंडेलवाल टी एंड ट्रेडिंग कंपनी में बुधवार रात अज्ञात चोरों ने चोरी की वारदात को अंजाम दिया। दुकान संचालक रामेश्वर खंडेलवाल ने पुलिस थाने में रिपोर्ट दर्ज कराते हुए बताया कि गल्ले में रखे 5, 10 और 20 रुपये के सिक्के, जिनकी कुल कीमत लगभग 40 से 50 हजार रुपये थी, चोरी हो गए हैं।

घटना की सूचना मिलते ही थानाधिकारी प्रमोद कुमार पुलिस जाप्ते के साथ मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का मौका मुआयना किया।
थानाधिकारी प्रमोद कुमार ने बताया कि चोरी का तरीका बेहद सुनियोजित है। चोर छत के रास्ते दुकान में घुसा, जो उनके पिछले आठ माह के कार्यकाल में इस प्रकार की पहली घटना है। हालांकि, इससे पहले भी इसी तरह के तीन – चार मामले सामने आ चुके हैं, जिनमें चोरी का तरीका लगभग एक जैसा था। इससे प्रतीत होता है कि वारदात को अंजाम देने वाला व्यक्ति स्थानीय हो सकता है, जो पहले रेकी कर कुछ महीनों के अंतराल के बाद चोरी करता है।
उन्होंने कहा कि पुलिस विभिन्न पहलुओं से जांच कर रही है और इस बार आरोपी को जल्द गिरफ्तार कर चोरी की वारदात का खुलासा किया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!