ज
भ
भवानीमंडी (जगदीशपोरवाल )झालावाड़ मेडिकल कॉलेज को प्राप्त हुए देहदान के लिए देहदानकर्ता परिवारों का एवं संभाग स्तर पर नेत्रदान, अंगदान और देहदान जागरूकता के लिए शाइन इंडिया फाउंडेशन के अध्यक्ष डॉ कुलवंत गौड, ज्योति-मित्र कमलेश गुप्ता दलाल इत्यादी का बुधवार को जिला कलेक्टर अजय सिंह राठौड़ के द्धारा कलेक्ट्रेट कार्यालय में सम्मान किया गया।
झालावाड़ मेडिकल कॉलेज के द्वारा देहदानी परिवारो के सम्मान कार्यक्रम में स्वर्गीय गिरधारी मोटवानी भवानीमंडी के देहदान के लिए मोहन मोटवानी, हर्ष मोटवानी, निधि मोटवानी एवं रक्षिका मोटवानी, स्वर्गीय राजरानी अदलक्खा छीपाबड़ौद के देहदान के लिए पुत्र सुरेश अदलक्खा एवं पौत्र पिनाक अदलक्खा, डॉ जेएन लोढ़ा झालावाड़ के देहदान के लिए पत्नी मालती जैन तथा मानव प्रभु के देहदान के लिए व्यवस्थापक अपना घर भरतपुर एवं जय माता कल्याण समिति खानपुर को अभिनंदन-पत्र देकर सम्मानित किया।
इसी के साथ नेत्रदान, अंगदान और देहदान के विषय में उल्लेखनीय कार्य करने के लिए शाइन इंडिया फाउंडेशन के अध्यक्ष डॉ कुलवंत गौड़, भवानीमंडी नगर संयोजक कमलेश गुप्ता दलाल, ज्योति-मित्र अजय गोयल व नितिन कटारिया झालावाड़ का जिला कलेक्टर अजय सिंह राठौड़, झालावाड़ मेडिकल कॉलेज के डीन डॉक्टर संजय पोरवाल, एनाटॉमी विभाग के एचओडी डॉ गोपाल शर्मा, आदि के द्वारा प्रशस्ति पत्र देकर सम्मान किया गया। उल्लेखनीय है कार्यक्रम में शाइन इंडीया फाउंडेशन को विशेष रूप से आमंत्रित किया गया था।
देहदान जैसे पुनीत कार्यों को जन-जन तक पहुंचाएं
देहदानी परिवारों के सम्मान समारोह के इस अवसर पर झालावाड़ जिला कलेक्टर अजय सिंह राठौड़ ने अपने विचार व्यक्त करते हुए कहा कि सामाजिक संस्थाओं के सहयोग से देहदान जैसे पुनीत कार्यों को जन-जन तक पहुंचाया जा सकता है। जिला कलेक्टर ने झालावाड़ जिले में बढ़ती नेत्रदान जागरूकता के प्रति उत्साह प्रकट किया।
मृत देह मेडिकल कॉलेज के छात्रों के लिए सबसे बड़ी शिक्षक है
झालावाड़ मेडिकल कॉलेज के डीन डॉ संजय पोरवाल ने अपने विचार प्रकट करते हुए कहा कि मृत देह मेडिकल कॉलेज के छात्रों के लिए सबसे बड़ी शिक्षक है।सम्मान समारोह कार्यक्रम में एनाटॉमी विभाग के एचओडी डाॅ गोपाल शर्मा एवं कार्यक्रम संयोजक तथा सेंट्रलाइज्ड बॉडी डोनेशन कमेटी, निदेशालय, चिकित्सा शिक्षा विभाग, राजस्थान सरकार ,जयपुर के सदस्य सीनियर प्रोफेसर डाॅ मनोजकुमार शर्मा, प्रोफेसर डाॅ हेमलता शर्मा सहित झालावाड़ मेडिकल कॉलेज के एनाटॉमी विभाग के सभी डॉक्टर्स उपस्थित थे।
भवानीमंडी उपखंड तथा विधानसभा क्षेत्र का पहला देहदान हुआ
भारत विकास परिषद के नेत्रदान देहदान प्रभारी कमलेश गुप्ता दलाल ने बताया कि 20 अगस्त 2025 को गिरधारी मोटवानी के निधन के पश्चात मोटवानी परिवार के द्वारा उनका नेत्रदान और देहदान करवाया गया था एवं यह पूरे भवानीमंडी उपखंड तथा विधानसभा क्षेत्र का पहला देहदान हुआ था, जिसके लिए परिवारजनों को गणतंत्र दिवस पर उपखंड अधिकारी श्रद्धा गोमे के द्वारा भी सम्मानित किया गया था।
देहदान कार्यक्रम के नोडल अधिकारि एव सीनियर प्रोफेसर डॉ मनोज कुमार शर्मा के अनुसार एनाटॉमी विभाग में अभी तक 129 लोगों ने देहदान के लिए संकल्प पत्र भरा है। सामान्य मृत्यु के उपरांत देहदान के रूप में कॉलेज को प्राप्त पार्थिव शरीर को मेडिकल भाषा में सम्मान पूर्वक कैडेवर कहा जाता है जिसे मेडिकल विद्यार्थियों को एनाटॉमी विभाग में शरीर की आंतरिक संरचना को समझाने के लिए प्रायोगिक अध्ययन के कार्य में लिया जाता है।
