मुंबई में भारी बारिश का असर, कोटा मंडल से गुजरने वाली कई ट्रेनें प्रभावित


रीशेड्यूल, मार्ग परिवर्तन और निरस्तीकरण से यात्रियों की बढ़ी परेशानी

कोटा, 8 जुलाई। ( जगदीश पोरवाल ) मुंबई मंडल में लगातार हो रही भारी वर्षा और कई स्थानों पर जलभराव के कारण रेल यातायात प्रभावित हो गया है। इसके चलते कोटा मंडल से होकर गुजरने वाली अनेक महत्वपूर्ण यात्री ट्रेनों के संचालन में अस्थायी बदलाव किया गया है। कुछ ट्रेनों को रीशेड्यूल किया गया है, कुछ का मार्ग परिवर्तित किया गया है, जबकि कई गाड़ियों को पूर्णतः निरस्त कर दिया गया है।
वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक सौरभ जैन के अनुसार यात्रियों की सुरक्षा एवं परिचालन व्यवस्था को ध्यान में रखते हुए यह निर्णय लिया गया है।

रीशेड्यूल की गई प्रमुख गाड़ियां

बांद्रा टर्मिनस–बरौनी अवध एक्सप्रेस, बांद्रा टर्मिनस–अमृतसर गोल्डन टेम्पल एक्सप्रेस, बांद्रा टर्मिनस–गोमती नगर एक्सप्रेस, बांद्रा टर्मिनस–हरिद्वार एक्सप्रेस, जयपुर–मुंबई सेंट्रल एक्सप्रेस, जयपुर–बांद्रा टर्मिनस एक्सप्रेस, पुणे–जयपुर एक्सप्रेस तथा हरिद्वार–बांद्रा टर्मिनस एक्सप्रेस को निर्धारित समय से कई घंटे बाद संचालित किया जाएगा।

बदले मार्ग से चलेंगी ये ट्रेनें

गोवा–चंडीगढ़ संपर्क क्रांति एक्सप्रेस तथा जयपुर–पुणे एक्सप्रेस को परिवर्तित मार्ग से संचालित किया जाएगा। इन ट्रेनों का संचालन पनवेल, इगतपुरी, मनमाड, जलगांव, पालधी एवं दौंड कॉर्ड लाइन के रास्ते किया जाएगा।

पांच ट्रेनें पूरी तरह निरस्त

रेल प्रशासन ने बांद्रा टर्मिनस–हजरत निजामुद्दीन एक्सप्रेस, हजरत निजामुद्दीन–बांद्रा टर्मिनस एक्सप्रेस, मुंबई सेंट्रल–हिसार दुरंतो एक्सप्रेस, हिसार–मुंबई सेंट्रल दुरंतो एक्सप्रेस तथा मुंबई सेंट्रल–जयपुर एक्सप्रेस को निर्धारित तिथियों पर पूर्णतः निरस्त कर दिया है।

रेल प्रशासन ने यात्रियों से अपील की है कि यात्रा पर निकलने से पहले अपनी ट्रेन की नवीनतम स्थिति एनटीईएस (NTES) ऐप अथवा रेलवे की आधिकारिक वेबसाइट पर अवश्य जांच लें, ताकि अनावश्यक असुविधा से बचा जा सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!