ग्रामीण सेवा शिविर: प्रभुनाथ ने विद्यालय के विकास के लिए दान की 5 लाख की भूमि, अधिकारियों ने किया सम्मान

भवानीमंडी। ( जगदीश पोरवाल )

भवानीमंडी उपखंड की ग्राम पंचायत गुराड़िया कलां में आयोजित ग्रामीण सेवा शिविर के दौरान दानशीलता की एक अनूठी मिसाल सामने आई है। शिविर में दानदाता श्री प्रभुनाथ (पुत्र श्री भुवान पुरी) ने बालक-बालिकाओं के गुणवत्तापूर्ण अध्ययन और स्कूल के विकास के लिए अपनी निजी भूमि राजकीय उच्च प्राथमिक विद्यालय (राउप्रावि) जाजनी को दान कर दी।

5 लाख रुपये की भूमि का किया हक त्याग

जानकारी के अनुसार, दानदाता श्री प्रभुनाथ ने खसरा नंबर 223 में से अपने स्वयं के कुल रकबे में से 3 बिस्वा भूमि का हक त्याग किया। दान की गई इस भूमि की अनुमानित बाजार कीमत लगभग 05 लाख रुपये बताई जा रही है। इस सराहनीय कदम से विद्यालय में बुनियादी सुविधाओं और शैक्षणिक माहौल को बेहतर बनाने में बड़ी मदद मिलेगी।

अधिकारियों ने माला पहनाकर जताया आभार

इस पुनीत कार्य के लिए शिविर अध्यक्ष व तहसीलदार (पचपहाड़) श्री अब्दुल हाफिज, मुख्य ब्लॉक शिक्षा अधिकारी (CBEO भवानीमंडी) श्री दामोदर प्रसाद शर्मा, पंचायत प्रारंभिक शिक्षा अधिकारी (PEEO गुराड़िया कलां) श्री जितेंद्र सिंह हाड़ा एवं संस्था प्रधान श्री ऋषिकेश मीणा ने दानदाता को प्रेरित किया था। भूमि दान की प्रक्रिया पूरी होने पर शिविर में मौजूद समस्त अधिकारियों व ग्रामीणों ने दानदाता श्री प्रभुनाथ का पुष्पमाला पहनाकर भव्य स्वागत किया और उनके इस योगदान के लिए आभार जताया।

आगामी भामाशाह सम्मान समारोह में होंगे सम्मानित

इस अवसर पर प्रेरक व CBEO भवानीमंडी श्री दामोदर प्रसाद शर्मा ने PEEO गुराड़िया कलां को निर्देशित किया कि दानदाता श्री प्रभुनाथ का नाम आगामी जिला/राज्य स्तरीय भामाशाह सम्मान समारोह के लिए भेजा जाए, ताकि उनके इस सेवा भाव को उचित मंच पर सम्मानित किया जा सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!