युवा लेखिका श्रद्धा तिलवाड़िया का पीएम श्री सेठ आनंदी लाल पोद्दार राजकीय विद्यालय में सम्मान


भवानीमंडी
स्थानीय पीएम श्री सेठ आनंदी लाल पोद्दार राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय, भवानीमंडी में युवा लेखिका एवं होनहार छात्रा श्रद्धा तिलवाड़िया का उनकी प्रथम पुस्तक प्रकाशित होने पर भव्य स्वागत एवं सम्मान किया गया। विद्यालय के प्रधानाचार्य मुकेश कुमार गुप्ता सहित समस्त शाला परिवार ने श्रद्धा को शुभकामनाएँ देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

गौरतलब है कि पचपहाड़ निवासी महेंद्र सिंह एवं सुनीता की पुत्री तथा बिड़ला महाविद्यालय की छात्रा श्रद्धा तिलवाड़िया ने “We Are Different: Motivation of Life” नामक प्रेरणादायक पुस्तक लिखी है। यह पुस्तक युवाओं को सकारात्मक सोच, आत्मविश्वास, आत्मविकास तथा जीवन की चुनौतियों का साहसपूर्वक सामना करने की प्रेरणा देती है।

इस अवसर पर प्रधानाचार्य मुकेश कुमार गुप्ता ने कहा कि, “श्रद्धा तिलवाड़िया ने अपनी लेखनी के माध्यम से यह सिद्ध किया है कि प्रतिभा उम्र की मोहताज नहीं होती। उनकी पुस्तक युवाओं में सकारात्मक सोच, आत्मविश्वास और जीवन में आगे बढ़ने का नया उत्साह जगाएगी। यह हमारे विद्यालय ही नहीं, बल्कि पूरे क्षेत्र के विद्यार्थियों के लिए प्रेरणास्रोत है।”

कार्यक्रम के दौरान विद्यालय परिवार ने श्रद्धा का पुष्पगुच्छ एवं स्मृति-चिह्न भेंट कर सम्मान किया तथा उनके साहित्यिक और शैक्षणिक जीवन की निरंतर प्रगति की शुभकामनाएँ दीं। उपस्थित शिक्षकों एवं विद्यार्थियों ने भी उनकी उपलब्धि पर हर्ष व्यक्त करते हुए इसे क्षेत्र के लिए गर्व का विषय बताया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!