भवानीमंडी में 28 जून को 144वां नि:शुल्क नेत्र चिकित्सा एवं ऑपरेशन चयन शिविर आयोजित होगा

भवानीमंडी। भारत विकास परिषद शाखा भवानीमंडी द्वारा आगामी 28 जून, रविवार को एक नि:शुल्क नेत्र जांच एवं ऑपरेशन चयन शिविर का आयोजन किया जा रहा है। यह शिविर पारसचंद मनोजकुमार लोढ़ा के आर्थिक सहयोग से आयोजित किया जाएगा।

​परिषद के नेत्र चिकित्सा प्रभारी महेश शर्मा, उमाशंकर पोरवाल, मनमोहन जायसवाल एवं नेत्रदान प्रभारी कमलेश गुप्ता (दलाल) ने संयुक्त रूप से बताया कि परिषद द्वारा हर महीने आयोजित की जाने वाली नेत्र चिकित्सा शिविर श्रृंखला का यह 144वां शिविर होगा। इसका आयोजन स्थानीय सीताराम धर्मशाला में किया जाएगा।

सभी सुविधाएं रहेंगी पूर्णतः नि:शुल्क

शिविर के दौरान जांच के बाद जिन मरीजों को मोतियाबिंद ऑपरेशन के योग्य चुना जाएगा, उन्हें बस द्वारा ‘भारत विकास परिषद चिकित्सालय, कोटा’ ले जाया जाएगा। वहां अनुभवी एवं दक्ष चिकित्सकों द्वारा आधुनिक आईओएल फैको पद्धति से मोतियाबिंद का ऑपरेशन किया जाएगा। मरीजों के लिए कैटरेक्ट ऑपरेशन, लेंस, दवाइयां, ऑपरेशन शुल्क, कोटा आने-जाने, ठहरने और भोजन आदि की समस्त व्यवस्थाएं पूरी तरह नि:शुल्क रहेंगी।

सेवा के क्षेत्र में परिषद का बेमिसाल रिकॉर्ड

परिषद के शाखा अध्यक्ष ओम प्रकाश गुप्ता एवं सचिव संदीप राठौर ने बताया कि भारत विकास परिषद पिछले 13 वर्षों से निरंतर सेवा कार्य में जुटी हुई है। संस्था अब तक प्रत्येक माह लगातार 143 नेत्र शिविरों का सफल आयोजन कर चुकी है। इन शिविरों के माध्यम से अब तक रिकॉर्ड 32,313 मरीजों की आंखों की नि:शुल्क जांच की जा चुकी है और 9,977 मरीजों का चयन कर मोतियाबिंद के नि:शुल्क ऑपरेशन करवाए जा चुके हैं।

​संस्था ने क्षेत्र के नागरिकों से अपील की है कि वे इस नि:शुल्क शिविर का अधिक से अधिक संख्या में पहुंचकर लाभ उठाएं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!