जिला कलक्टर ने पंचायत समिति कार्यालय भवानीमंडी का किया निरीक्षण
भवानीमंडी, 25 जून। जिला कलेक्टर अजय सिंह राठौड़ ने गुरुवार को पंचायत समिति कार्यालय भवानीमंडी का निरीक्षण कर विभिन्न विकास एवं निर्माण कार्यों की प्रगति की समीक्षा की। निरीक्षण के दौरान उन्होंने अधिकारियों को राज्य सरकार की जनहितकारी योजनाओं एवं विकास कार्यों को निर्धारित समयावधि में पूर्ण करने के निर्देश दिए।
जिला कलक्टर ने पंचायत समिति क्षेत्र में विधायक स्थानीय क्षेत्र विकास निधि के तहत स्वीकृत किन्तु लंबित कार्यों की विस्तृत जानकारी ली। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि जिन कार्यों की प्रशासनिक एवं तकनीकी स्वीकृतियां जारी हो चुकी हैं, उन्हें प्राथमिकता के आधार पर शीघ्र प्रारम्भ करवाया जाए ताकि आमजन को विकास कार्यों का लाभ समय पर मिल सके।
कार्यी में अनावश्यक देरी बर्दाश्त नहीं की जाएगी
उन्होंने कहा कि विकास कार्यों में किसी भी प्रकार की अनावश्यक देरी स्वीकार्य नहीं होगी। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि स्वीकृत परियोजनाओं की प्रगति की सतत समीक्षा करते हुए गुणवत्तापूर्ण एवं समयबद्ध क्रियान्वयन सुनिश्चित किया जाए।
आमजन कार्यो का शीघ्र निस्तारण करें
निरीक्षण के दौरान जिला कलक्टर ने पंचायत समिति कार्यालय में संचालित विभिन्न शाखाओं के कार्यों की भी जानकारी ली तथा अभिलेखों के संधारण, योजनाओं की प्रगति एवं जनसुनवाई से संबंधित व्यवस्थाओं की समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों एवं कर्मचारियों को आमजन के कार्यों का त्वरित निस्तारण करने तथा शासन की योजनाओं का लाभ पात्र व्यक्तियों तक प्रभावी रूप से पहुंचाने के निर्देश दिए।
इस अवसर पर जिला परिषद के मुख्य कार्यकारी अधिकारी शंभु दयाल मीणा, उपखण्ड अधिकारी भवानीमंडी श्रद्धा गोमे, विकास अधिकारी सहित संबंधित विभागीय अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
—00—
