भवानीमंडी/पचपहाड़।
सोशल मीडिया पर पैगंबर मोहम्मद साहब और मुस्लिम समुदाय के खिलाफ की गई कथित अश्लील व आपत्तिजनक टिप्पणियों के विरोध में अंजुमन इस्लामिया कमेटी पचपहाड़ ने गहरा रोष व्यक्त किया है। इस संबंध में कमेटी के पदाधिकारियों और मुस्लिम समाज के लोगों ने महामहिम राष्ट्रपति के नाम उपखंड अधिकारी (एसडीओ) श्रद्धा गोमे को एक ज्ञापन सौंपकर आरोपी महिला के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की मांग की है।
सांप्रदायिक सौहार्द बिगाड़ने का आरोप
राष्ट्रपति के नाम सौंपे गए ज्ञापन में बताया गया कि प मुस्लिम महिला नाजिया खान द्वारा पिछले कुछ समय से सोशल मीडिया पर पैगंबर मोहम्मद साहब और पूरे मुस्लिम समुदाय को लेकर अत्यंत अश्लील और मनगढ़ंत टिप्पणियां की जा रही हैं। इसके अलावा, महिला द्वारा लगातार ऐसे वीडियो भी वायरल किए जा रहे हैं, जिससे हिंदू-मुस्लिम समुदाय के बीच आपसी विवाद और तनाव पैदा हो सके।
कमेटी का कहना है कि महिला की इन हरकतों से पूरी मुस्लिम कम्युनिटी में भारी आक्रोश और रोष व्याप्त है। ज्ञापन के माध्यम से उपखंड महोदया से अनुरोध किया गया है कि मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए उक्त महिला के खिलाफ तुरंत जांच बिठाई जाए और उचित कानूनी कार्रवाई अमल में लाई जाए ताकि क्षेत्र का शांतिपूर्ण माहौल न बिगड़े।
ज्ञापन सौंपने के दौरान ये रहे मौजूद
इस मौके पर अंजुमन इस्लामिया कमेटी के नायब सदर मुबारक भाई, सेक्रेटरी इमरान भाई, बंटी भाई, शहबाज भाई, आरिफ भाई, पूर्व पार्षद प्रतिनिधि जावेद हुसैन, शफीक भाई, रिजवान भाई, इमरान भाई, कुदरत भाई, शहजाद भाई और तौफीक भाई सहित भवानी मंडी व पचपहाड़ क्षेत्र के कई गणमान्य मुस्लिम नागरिक उपस्थित रहे।
