आ
भवानीमंडी। ( जनसंदेश ) स्थानीय राजस्थान टेक्सटाइल मिल्स स्टाफ कॉलोनी स्थित भगवान श्री लक्ष्मीनारायण मंदिर के पाटोत्सव के शुभ अवसर पर भव्य एवं दिव्य भजन संध्या का आयोजन किया गया। इस धार्मिक और सांस्कृतिक कार्यक्रम में मिल प्रबंधन के वरिष्ठ अधिकारियों सहित संपूर्ण स्टाफ परिवारों ने अत्यंत उत्साह और श्रद्धाभाव के साथ भाग लिया।
कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि संस्थान के एग्जीक्यूटिव प्रेसिडेंट श्री रोहित अरोड़ा एवं उनकी धर्मपत्नी श्रीमती अरोड़ा द्वारा दीप प्रज्वलन कर किया गया। इस पावन अवसर पर उन्होंने भगवान श्री लक्ष्मीनारायण जी की विशेष पूजा-अर्चना की और मिल की निरंतर प्रगति एवं सभी कर्मचारियों के कल्याण की कामना की।
पाटोत्सव के विशेष अनुष्ठान और पूजा-अर्चना में मिल के एग्जीक्यूटिव वाइस प्रेसिडेंट – टेक्निकल श्री संजीव सिंह सपरिवार सम्मिलित हुए। सभी वरिष्ठ अधिकारियों ने विधि-विधान से यज्ञ-अनुष्ठान में आहुतियां दीं और भगवान का आशीर्वाद प्राप्त किया।
हर्षिता सुमन के भजनों पर झूमे श्रद्धालु
रात्रि 8 बजे से प्रारंभ हुई इस भव्य भजन संध्या में रामगंजमंडी (कोटा) से पधारीं सुप्रसिद्ध भजन गायिका सुश्री हर्षिता सुमन ने अपनी सुमधुर आवाज में एक से बढ़कर एक मनमोहक भजनों की प्रस्तुतियां दीं। उनके भक्तिमय भजनों पर मंदिर प्रांगण में उपस्थित श्रद्धालु भावविभोर होकर झूमने पर मजबूर हो गए। पूरा वातावरण ‘जय श्री लक्ष्मीनारायण’ के जयकारों से गुंजायमान हो उठा।
इस गरिमामयी धार्मिक उत्सव में आरटीएम मिल स्टाफ कॉलोनी के समस्त अधिकारियों, कर्मचारियों एवं उनके परिजनों ने सपरिवार उपस्थित रहकर धर्म लाभ उठाया। कार्यक्रम के समापन पर महाआरती की गई एवं सभी उपस्थित श्रद्धालुओं में महाप्रसाद का वितरण किया गया।


