पीएम श्री पोद्दार विद्यालय में स्काउट एवं संस्कार शिविर आयोजित, विद्यार्थियों को मिले जीवन मूल्यों के गुर


भवानीमंडी। ( जनसंदेश )
क्षेत्र के अग्रणी शिक्षण संस्थान पीएम श्री सेठ आनंदीलाल पोद्दार राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय, भवानीमंडी में विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास के उद्देश्य से स्काउट कौशल विकास एवं संस्कार शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में विद्यार्थियों को शारीरिक एवं मानसिक कौशल के साथ-साथ अनुशासन, संस्कार और जीवन मूल्यों की शिक्षा प्रदान की गई।

विद्यालय के प्रधानाचार्य मुकेश कुमार गुप्ता के नेतृत्व में आयोजित शिविर में अखिल भारतीय गौ सेवा गतिविधि के राष्ट्रीय पालक शंकर जी भाईसाहब मुख्य वक्ता के रूप में उपस्थित रहे। उन्होंने विद्यार्थियों को भारतीय संस्कृति, नैतिक मूल्यों, अनुशासन तथा जीवन में सफलता प्राप्त करने के सूत्रों पर प्रेरक उद्बोधन दिया। उन्होंने कहा कि शिक्षा का उद्देश्य केवल परीक्षा में सफलता प्राप्त करना नहीं, बल्कि एक जिम्मेदार एवं संस्कारी नागरिक का निर्माण करना भी है।

कार्यक्रम में हिमांशु चतुर्वेदी (क्षेत्रीय संयोजक- संस्कार), राजेश जैन गोटावाला (वरिष्ठ सदस्य), डॉ. राजदीप सिंह छाबड़ा (शाखा अध्यक्ष), मधुर बापना (शाखा सचिव) तथा मनोहर सिंह (ब्लॉक अध्यक्ष, अखिल भारतीय राष्ट्रीय शैक्षिक महासंघ, भवानीमंडी) सहित अनेक गणमान्य अतिथि उपस्थित रहे। अतिथियों ने विद्यार्थियों को सकारात्मक सोच, राष्ट्र सेवा और सामाजिक उत्तरदायित्व के प्रति जागरूक रहने का संदेश दिया।

शिविर के सफल संचालन में विद्यालय के शिक्षक-शिक्षिकाओं राजू गुर्जर, बालमुकुन्द पाटीदार, राजकुमारी मेघवाल, उषा रानी सिंधी, मोनिका सोनी एवं आशा चंदन ने सक्रिय भूमिका निभाई। उन्होंने विभिन्न गतिविधियों के माध्यम से विद्यार्थियों को नेतृत्व क्षमता, टीम भावना और सेवा भाव का प्रशिक्षण दिया।

विद्यालय प्रशासन ने बताया कि पीएम श्री पोद्दार विद्यालय में नियमित रूप से ऐसे कार्यक्रम आयोजित किए जाते हैं, जिनसे विद्यार्थियों के व्यक्तित्व विकास, नैतिक उत्थान और सामाजिक चेतना को मजबूती मिलती है। विद्यालय में गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के साथ खेल, स्काउट एवं सांस्कृतिक गतिविधियों पर भी विशेष ध्यान दिया जा रहा है, जिससे विद्यार्थियों का सर्वांगीण विकास सुनिश्चित हो सके।

इस अवसर पर विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लेकर शिविर से प्राप्त अनुभवों को अपने जीवन में अपनाने का संकल्प लिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!