(जनसंदेश ) जगदीश पोरवाल
कोटा। आगामी 21 जून 2026 को आयोजित होने वाली राष्ट्रीय पात्रता सह प्रवेश परीक्षा (NEET) के मद्देनजर पश्चिम मध्य रेलवे के कोटा मंडल ने कमर कस ली है। परीक्षा में शामिल होने वाले देश भर के हजारों अभ्यर्थियों और उनके परिजनों की यात्रा को सुरक्षित, सुगम और तनावमुक्त बनाने के लिए रेल प्रशासन द्वारा विशेष सहायता एवं जागरूकता पहल शुरू की गई है।
मुख्यालय के निर्देशानुसार, कोटा मंडल के सभी प्रमुख रेलवे स्टेशनों पर टिकट जांच कर्मचारियों (TTEs) की विशेष तैनाती की गई है। ये कर्मचारी अभ्यर्थियों को सही प्लेटफॉर्म, ट्रेन की स्थिति और रास्ता बताने के साथ-साथ हरसंभव मदद के लिए तत्पर रहेंगे। यात्री किसी भी जानकारी के लिए इन कर्मचारियों या स्टेशन के अधिकृत पूछताछ काउंटर से संपर्क कर सकते हैं।
चार प्रमुख शहरों में पहुंचेंगे 40 हजार से अधिक परीक्षार्थी
कोटा मंडल के क्षेत्राधिकार में आने वाले चार प्रमुख शहरों में परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं, जहां बड़ी संख्या में छात्र पहुंचेंगे। इनमें सबसे ज्यादा कोटा में 32,715 परीक्षार्थी परीक्षा देंगे। इसके अलावा भरतपुर में 4,072, सवाई माधोपुर में 2,222 और बारां में 1,569 अभ्यर्थियों के आने की संभावना है। इतनी बड़ी संख्या को देखते हुए रेलवे ने स्टेशनों पर विशेष इंतजाम किए हैं।
रेल प्रशासन की परीक्षार्थियों और परिजनों से अपील:
रेलवे ने सफर को असुविधा मुक्त बनाने के लिए यात्रियों से कुछ जरूरी सुझावों का पालन करने का अनुरोध किया है:
- अफवाहों से बचें: किसी भी अनधिकृत व्यक्ति या एजेंट के बहकावे में न आएं। सही जानकारी के लिए रेलवे के अधिकृत पूछताछ काउंटर, एनटीईएस ऐप (NTES App) या वेबसाइट (www.enquiry.indianrail.gov.in) का ही उपयोग करें।
- वैध टिकट रखें: असुविधा से बचने के लिए हमेशा वैध टिकट के साथ ही यात्रा करें।
- समय का ध्यान रखें: अंतिम समय की भागदौड़ और मानसिक तनाव से बचने के लिए स्टेशन पर समय से पहले पहुंचें।
- प्लेटफ़ॉर्म व कोच जांचें: स्टेशन पहुँचने पर अपनी ट्रेन का प्लेटफॉर्म नंबर और कोच पोजीशन अवश्य कन्फर्म कर लें।
रेल प्रशासन ने अपील की है कि सभी अभ्यर्थी और उनके अभिभावक सुरक्षित एवं व्यवस्थित यात्रा के लिए रेलवे कर्मचारियों के निर्देशों का पालन करें और सहयोग दें।
नोट – चित्र ए आई द्वारा निर्मित काल्पनिक है ।

