भ
भवानीमंडी। वीर शिरोमणि और देश के गौरव महाराणा प्रताप की जयंती नगर में बड़े ही हर्षोल्लास और धूमधाम के साथ मनाई गई। इस अवसर पर स्थानीय राजपूत महासभा के तत्वावधान में विभिन्न गरिमामयी कार्यक्रमों का आयोजन किया गया।
प्रतिमा पर माल्यार्पण और शोभायात्रा का आगाज
कार्यक्रम की शुरुआत शाम 4 बजे रामनगर स्थित महाराणा प्रताप जी की प्रतिमा पर माल्यार्पण के साथ हुई। इसके बाद समाज जनों द्वारा नगर के प्रमुख मार्गों से एक भव्य शोभायात्रा निकाली गई। शोभायात्रा के दौरान पूरा माहौल देशप्रेम और महाराणा प्रताप के जयकारों से गुंजायमान हो उठा। नगर वासियों द्वारा जगह-जगह पुष्प वर्षा कर शोभायात्रा का भव्य स्वागत किया गया।
समाज के प्रबुद्ध जन रहे मौजूद
इस गौरवमयी आयोजन में राजपूत समाज के अध्यक्ष शम्भू सिंह चंद्रावत, बोर्डिंग हाउस अध्यक्ष माधो सिंह हाड़ा, शिवराज सिंह झाला, उदयसिंह सोनगरा, यशवंत सिंह सिसोदिया, फतेह सिंह सोनगरा, नाथूसिंह चंद्रावत, खुमान सिंह देवड़ा, ब्रजराज सिंह राठौड़, धीरज सिंह चंद्रावत, प्रह्लाद सिंह सोनगरा, भवँर सिंह कछवाहा, महेंद्र सिंह परिहार, दीपसिंह परिहार, धर्मेंद्र सिंह चंद्रावत, नरपतसिंह नरुका और रुद्राक्ष झाला सहित बड़ी संख्या में राजपूत सरदार एवं जनाना सरदार (महिलाएं) मौजूद रहीं।
बोर्डिंग हाउस में हुआ मुख्य कार्यक्रम
नगर भ्रमण के बाद शोभायात्रा राजपूत बोर्डिंग हाउस पहुँची, जहाँ मुख्य कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में वक्ताओं ने महाराणा प्रताप के जीवन, उनके त्याग, शौर्य और राष्ट्रभक्ति पर प्रकाश डालते हुए उनके पदचिन्हों पर चलने का संकल्प लिया।

