जनसंदेश ( जगदीश पोरवाल )
झालावाड़, 16 जून। कृषि विभाग द्वारा उर्वरकों की अवैध परिगमन, सीमावर्ती राज्य मध्य प्रदेश में उर्वरकों के परिगमन को रोकने एवं अवैध भण्डारण की रोकथाम हेतु चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत आज संयुक्त निदेशक कृषि (विस्तार) झालावाड़ डॉ. नरेश कुमार शर्मा एवं श्री चौथमल शर्मा, कृषि अधिकारी (सामान्य), कार्यालय संयुक्त निदेशक कृषि (विस्तार) झालावाड़ द्वारा कृषि विभाग की टीम द्वारा पुलिस चौकी महाराजपुरा के सहयोग से एक वाहन को पकड़ा गया ।
यह सामग्री जप्त की गई
जांच के दौरान वाहन संख्या RJ17 PA 4258 से बिना वैध दस्तावेजों के परिवहन किए जा रहे 14 बैग नीम कोटेड यूरिया (प्रत्येक 45 किग्रा) तथा 11 बैग जिंक सल्फेट सुपर फॉस्फेट (प्रत्येक 50 किग्रा) बरामद किए गए। वाहन चालक से उर्वरक के बिल एवं अन्य आवश्यक दस्तावेज मांगे गए, लेकिन वह कोई वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर पाया।
जप्त उर्वरक को सुरक्षित अभिरक्षा में रखा
प्राथमिक जांच में पाया गया की उक्त उर्वरक बालाजी कृषि सेवा केन्द्र, मनोहरथाना से क्रय किए जाने की जानकारी सामने आई। मामले में उर्वरक (नियंत्रण) आदेश, 1985 एवं उर्वरक आवागमन नियंत्रण संबंधी प्रावधानों के अंतर्गत आवश्यक कार्यवाही करते हुए जब्त उर्वरक को नियमानुसार सुरक्षित अभिरक्षा में रखा गया है तथा संबंधित व्यक्तियों को पुलिस थाना, मनोहरथाना को सुपुर्द किया गया ।
कारवाई लगातार जारी रहेगी
संयुक्त निदेशक कृषि (विस्तार) ने बताया कि उर्वरकों की कालाबाजारी एवं अवैध परिवहन के विरुद्ध विभाग की कार्यवाही लगातार जारी रहेगी तथा दोषी पाए जाने वाले व्यक्तियों के विरुद्ध नियमानुसार कठोर कार्यवाही की जाएगी।

