व
3 माह बाद भी नहीं हुई सुनवाई, नाली निर्माण व विकास कार्यों में भेदभाव का आरोप; समाजसेवी कुशल सोलंकी के नेतृत्व में दी आंदोलन की चेतावनी
भवानीमंडी। नगर के वार्ड संख्या 23 एवं 24 के नागरिकों का आक्रोश सोमवार को खुलकर सामने आ गया। विकास कार्यों की लगातार हो रही अनदेखी से नाराज बड़ी संख्या में वार्डवासी और महिलाएं समाजसेवी कुशल सोलंकी के नेतृत्व में उपखंड मजिस्ट्रेट (एसडीएम) कार्यालय पहुंचे। यहाँ उन्होंने अपनी समस्याओं के समाधान की मांग को लेकर एसडीएम को एक ज्ञापन सौंपा और तत्काल कार्रवाई की मांग की। नपा ईओ ने कहां की नियमानुसार शीघ्र ही कार्य प्रारंभ किया जाएगा ।
तीन महीने पहले ईओ को भी दिया था ज्ञापन
वार्डवासियों ने ज्ञापन में प्रशासन पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए कहा कि लगभग तीन माह पूर्व नगरपालिका के अधिशासी अधिकारी (EO) को भी लिखित में ज्ञापन दिया गया था। जिसमें नाली निर्माण, जल निकासी एवं अन्य मूलभूत समस्याओं के त्वरित समाधान की मांग की गई थी। लेकिन तीन महीने बीत जाने के बाद भी आज तक धरातल पर कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई। प्रशासन की इसी लगातार अनदेखी और सुनवाई नहीं होने के कारण वार्डवासियों में भारी नाराजगी व्याप्त है।
जलभराव की समस्या और भेदभाव का आरोप
सौंपे गए ज्ञापन में नागरिकों ने बताया कि वार्ड 23 एवं 24 में सुचारू नाली निर्माण नहीं होने के कारण बरसात के दिनों में जलभराव की गंभीर समस्या उत्पन्न हो जाती है। गंदा पानी रास्तों पर जमा होने से आमजन और राहगीरों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ता है। इसके साथ ही वार्डवासियों ने नगरपालिका प्रशासन पर विकास कार्यों में भेदभावपूर्ण रवैया अपनाने और उनके वार्डों की उपेक्षा करने का भी सीधा आरोप लगाया।
“वार्डवासी केवल अपने अधिकारों और मूलभूत सुविधाओं की मांग कर रहे हैं। कई बार प्रशासन और नगरपालिका को अवगत कराने के बावजूद समस्याओं का समाधान नहीं होना दुर्भाग्यपूर्ण है। यदि प्रशासन ने जल्द ही कोई ठोस और सकारात्मक कदम नहीं उठाया, तो वार्डवासी जनहित में उग्र आंदोलन करने को मजबूर होंगे।”
— कुशल सोलंकी, समाजसेवी
” मुझे वार्ड वासियों का ज्ञापन प्राप्त हुआ है ,इसमें जो भी नियमानुसार कार्रवाई होगी वह की जाएगी ,जनहित से जुड़े कार्यों को प्राथमिकता दी जाएगी “
मनीष मीणा
अधीशासी अधिकारी भवानीमंडी
शीघ्र कार्य शुरू करने की मांग
एसडीएम को सौंपे गए ज्ञापन के माध्यम से वार्डवासियों ने मांग की है कि नाली निर्माण सहित वार्ड के सभी लंबित विकास कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर स्वीकृत किया जाए और उन्हें शीघ्र शुरू करवाया जाए। ज्ञापन सौंपने के दौरान बड़ी संख्या में वार्ड के महिला व पुरुष मौजूद रहे, जिन्होंने एक स्वर में वार्ड के साथ हो रहे सौतेले व्यवहार को समाप्त कर विकास कार्य शुरू करवाने की मांग की है ।

