स
कोटा रेलवे स्टेशन पर नुक्कड़-नाटक; 2,700 पंपलेट वितरित कर 2,000 से अधिक लोगों को किया जागरूक
कोटा, 10 जून। ( जगदीश पोरवाल )
अंतर्राष्ट्रीय समपार जागरूकता सप्ताह (06 से 12 जून) के अंतर्गत पश्चिम मध्य रेलवे के कोटा मंडल में समपार सुरक्षा के प्रति जनजागरूकता अभियान पूरे जोर-शोर से जारी है। अभियान के पाँचवें दिन बुधवार तक मंडल के 67 समपार फाटकों पर विभिन्न जागरूकता गतिविधियाँ आयोजित की जा चुकी हैं।
रेलवे स्टेशन पर नुक्कड़ नाटक की धूम
अभियान के तहत बुधवार को कोटा रेलवे स्टेशन पर एक विशेष नुक्कड़ नाटक का आयोजन किया गया। इस नाटक के माध्यम से यात्रियों एवं आमजन को समपार फाटकों पर बरती जाने वाली सावधानियों तथा सुरक्षा नियमों के प्रति बेहद रोचक और प्रभावी तरीके से जागरूक किया गया। इस अवसर पर वरिष्ठ मंडल संरक्षा अधिकारी अजीत सिंह चौहान, वरिष्ठ मंडल विद्युत अभियंता गोर्धन मीणा, वरिष्ठ मंडल संरक्षा अधिकारी पवन कुमार श्रीवास्तव तथा स्टेशन निदेशक शशि भूषण शर्मा सहित कई अधिकारी, पर्यवेक्षक एवं भारी संख्या में यात्री उपस्थित रहे।
विभिन्न विभागों की संयुक्त भागीदारी
वरिष्ठ मंडल संरक्षा अधिकारी अजीत सिंह चौहान के पर्यवेक्षण में चल रहे इस अभियान में संरक्षा, इंजीनियरिंग, परिचालन, सिग्नल एवं दूरसंचार विभाग तथा रेलवे सुरक्षा बल (RPF) की संयुक्त भागीदारी सुनिश्चित की जा रही है। अभियान के दौरान रेलवे अधिकारी एवं पर्यवेक्षक सड़क उपयोगकर्ताओं से सीधे संवाद कर उन्हें सुरक्षित आवागमन के नियमों की जानकारी दे रहे हैं।
बांटे 2,700 पंपलेट, 12 जून तक जारी रहेगा अभियान
वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक सौरभ जैन ने बताया कि:
”अभियान के तहत अब तक 2,700 सुरक्षा संबंधी पंपलेट वितरित किए जा चुके हैं तथा लगभग 2,000 सड़क उपयोगकर्ताओं को समपार फाटकों पर सुरक्षित आवागमन के बारे में जागरूक किया गया है।”
यह अभियान आगामी 12 जून तक जारी रहेगा, जिसके तहत मंडल के शेष बचे समपार फाटकों को भी कवर किया जाएगा। वर्तमान में रामगंज मंडी–जुल्मी, भोंरा–अंता, गरोठ–कुरलासी, कोटा–सवाई माधोपुर, कोटा–चित्तौड़गढ़ तथा गुड़ला–तालेड़ा रेलखंडों के विभिन्न समपार फाटकों पर पोस्टर, बैनर और जनसंपर्क गतिविधियों के जरिए सुरक्षा संदेश पहुँचाया जा रहा है।
रेल प्रशासन की अपील: ‘न करें जल्दबाजी, सुरक्षित रहें’
रेल प्रशासन ने सभी सड़क उपयोगकर्ताओं से अपील की है कि:
- बंद समपार फाटक (लेवल क्रॉसिंग) को नीचे से या जबरन पार करने का प्रयास बिल्कुल न करें।
- समपार पार करते समय दोनों दिशाओं में सावधानीपूर्वक ट्रेन की स्थिति देख लें।
- रेलगाड़ी के पूर्ण रूप से गुजर जाने और फाटक खुलने के बाद ही आगे बढ़ें।
- ध्यान रखें, आपकी थोड़ी सी असावधानी किसी बड़े और गंभीर हादसे का कारण बन सकती है।


