पूर्व मुख्यमंत्री जी वसुंधरा राजे के विधानसभा क्षेत्र के रायपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में शुरू हुई दंत रोग विशेषज्ञ की सेवाएं,

रायपुर, झालावाड़।
ग्रामीण क्षेत्र के आमजन को बेहतर एवं विशेषज्ञ चिकित्सा सेवाएं उपलब्ध कराने की दिशा में एक महत्वपूर्ण उपलब्धि के रूप में सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र रायपुर में अब नियमित रूप से दंत रोग विशेषज्ञ की सेवाएं उपलब्ध होने लगी हैं। वर्षों से दंत रोग विशेषज्ञ का पद रिक्त होने के कारण क्षेत्र के मरीजों को दांतों से संबंधित उपचार के लिए जिला मुख्यालय अथवा अन्य बड़े चिकित्सा संस्थानों का रुख करना पड़ता था। विशेषज्ञ सेवाओं की शुरुआत से अब स्थानीय नागरिकों को अपने क्षेत्र में ही गुणवत्तापूर्ण दंत चिकित्सा सुविधाएं प्राप्त हो रही हैं।
क्षेत्र वासियों द्वारा पूर्व मुख्यमंत्री व सांसद को यात्रा के दौरान की गया था निवेदन
जानकारी के अनुसार, क्षेत्र में आयोजित पदयात्रा के दौरान ग्रामीणों ने माननीय पूर्व मुख्यमंत्री श्रीमती वसुंधरा राजे जी एवं माननीय सांसद महोदय श्री दुष्यंत सिंह जी के समक्ष सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र रायपुर में दंत रोग विशेषज्ञ की नियुक्ति की मांग रखी थी। ग्रामीणों ने बताया था कि लंबे समय से विशेषज्ञ चिकित्सक के अभाव में मरीजों को उपचार के लिए दूर-दराज के अस्पतालों में जाना पड़ता है, जिससे समय और धन दोनों की अतिरिक्त परेशानी उठानी पड़ती है।

जिला कलेक्टर श्री अजय सिंह जी राठौड़ के प्रयास लाएं रंग

ग्रामीणों की इस मांग को गंभीरता से लेते हुए जिला कलेक्टर श्री अजय सिंह राठौड़ द्वारा चिकित्सा एवं स्वास्थ्य विभाग के निदेशालय, जयपुर को आवश्यक कार्यवाही हेतु पत्र प्रेषित किया गया। वहीं मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. साजिद खान द्वारा चिकित्सालय का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया गया, डेंटल चेयर उपलब्ध करवाई गई तथा विशेषज्ञ सेवाएं प्रारंभ कराने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।

इन प्रयासों के सकारात्मक परिणामस्वरूप अब डॉ. पूजा मीणा, दंत रोग विशेषज्ञ द्वारा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र रायपुर में नियमित रूप से सेवाएं प्रदान की जा रही हैं। उनके द्वारा मरीजों की दंत संबंधी जांच, परामर्श एवं उपचार किया जा रहा है। चिकित्सालय में दांतों की सफाई (स्केलिंग), रूट कैनाल ट्रीटमेंट (आरसीटी), दांतों एवं मसूड़ों की बीमारियों का उपचार, दर्द एवं संक्रमण की जांच तथा अन्य आवश्यक दंत चिकित्सा सेवाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं।

मरीजों के परिजनों के लिए भी शीतल जल के लिए भी एक अतिरिक्त वाटर कूलर लगाया गया

मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी के निरीक्षण के दौरान यह महसूस किया गया कि गर्मी के मौसम में अस्पताल आने वाले मरीजों एवं उनके परिजनों को शुद्ध एवं ठंडा पेयजल उपलब्ध होना अत्यंत आवश्यक है। इसी को ध्यान में रखते हुए अस्पताल परिसर में मरीजों के परिजनों के लिए शीतल जल की सुविधा उपलब्ध कराने हेतु एक अतिरिक्त नए वाटर कूलर की स्थापना की गई।

मध्य प्रदेश तक के लोगों को मिल रहा है लाभ

विशेषज्ञ सेवाएं शुरू होने से रायपुर सहित आसपास के अनेक गांवों के मरीजों को सीधा लाभ मिल रहा है। इतना ही नहीं, भौगोलिक दृष्टि से निकट होने के कारण मध्य प्रदेश सीमा से लगे क्षेत्रों के मरीज भी रायपुर चिकित्सालय में दंत चिकित्सा सेवाओं का लाभ लेने पहुंच रहे हैं। इससे मरीजों को जिला मुख्यालय झालावाड़ अथवा अन्य बड़े शहरों में जाने की आवश्यकता कम हुई है और उन्हें अपने नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र पर ही समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण उपचार मिल रहा है।

क्षेत्र वासियों ने पूर्व मुख्यमंत्री व सांसद महोदय का धन्यवाद किया

क्षेत्रवासियों ने दंत रोग विशेषज्ञ की सेवाएं प्रारंभ होने पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए जिला प्रशासन एवं चिकित्सा विभाग का आभार जताया है। ग्रामीणों का कहना है कि विशेषज्ञ सेवाओं की उपलब्धता से न केवल मरीजों को सुविधा मिली है, बल्कि स्वास्थ्य केंद्र के प्रति लोगों का विश्वास भी बढ़ा है।

मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. साजिद खान ने बताया कि चिकित्सा विभाग का उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्रों में भी विशेषज्ञ स्वास्थ्य सेवाओं को सुलभ बनाना है, ताकि आमजन को बेहतर उपचार के लिए अनावश्यक रूप से दूर न जाना पड़े। विभाग द्वारा जिले के विभिन्न चिकित्सा संस्थानों में चिकित्सा सुविधाओं के विस्तार एवं सुदृढ़ीकरण के लिए निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं।

सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र रायपुर में दंत रोग विशेषज्ञ की सेवाओं का प्रारंभ होना ग्रामीण स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूत बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है, जिससे हजारों लोगों को दीर्घकालिक लाभ मिलेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!