भवानीमंडी, 5 जून। ( जगदीश पोरवाल )विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर पीएम श्री सेठ आनंदी लाल पोद्दार राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय, भवानीमंडी द्वारा पर्यावरण संरक्षण के प्रति जनजागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से भव्य जागरूकता रैली का आयोजन किया गया। रैली में विद्यालय के छात्र-छात्राओं, शिक्षकों एवं राजस्थान राज्य भारत स्काउट-गाइड स्थानीय संघ के सदस्यों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
प्रधानाचार्य श्री मुकेश कुमार गुप्ता के नेतृत्व में निकाली गई रैली विद्यालय परिसर से प्रारंभ होकर नगर के प्रमुख मार्गों से होकर गुजरी। विद्यार्थियों ने हाथों में आकर्षक बैनर एवं तख्तियां लेकर पर्यावरण संरक्षण के संदेश दिए। रैली के दौरान “एक पेड़, हजार जीवन”, “आओ मिलकर हरियाली बढ़ाएं, धरती को स्वर्ग बनाएं” तथा “पर्यावरण बचाओ, जीवन बचाओ” जैसे नारों से वातावरण गूंज उठा।
इस अवसर पर प्रधानाचार्य श्री गुप्ता ने कहा कि पर्यावरण संरक्षण केवल एक दिवस का विषय नहीं, बल्कि प्रत्येक नागरिक की नैतिक जिम्मेदारी है। उन्होंने विद्यार्थियों से अधिकाधिक वृक्षारोपण करने तथा पर्यावरण संरक्षण को अपने जीवन का हिस्सा बनाने का आह्वान किया।
विद्यालय परिवार ने बताया कि पीएम श्री योजना के अंतर्गत चयनित यह विद्यालय आधुनिक शिक्षण सुविधाओं के साथ विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास के लिए निरंतर कार्य कर रहा है। विद्यालय में गुणवत्तापूर्ण शिक्षा, अनुशासन, खेलकूद, सांस्कृतिक गतिविधियों एवं स्काउट-गाइड कार्यक्रमों के माध्यम से विद्यार्थियों में सामाजिक जिम्मेदारी और नेतृत्व क्षमता का विकास किया जाता है।
रैली के दौरान नगरवासियों ने विद्यार्थियों के उत्साह और विद्यालय की इस सराहनीय पहल की प्रशंसा करते हुए पर्यावरण संरक्षण के संदेश को जन-जन तक पहुंचाने के प्रयास को महत्वपूर्ण बताया।

