कोटा। ( जगदीश पोरवाल )
रेलवे में नौकरी लगाने के नाम पर ठगी करने वाले गिरोह एक बार फिर सक्रिय हो गए हैं। पश्चिम मध्य रेलवे के कोटा मंडल ने आमजन और बेरोजगार युवाओं को सोशल मीडिया पर प्रसारित किए जा रहे फर्जी रेलवे भर्ती विज्ञापनों से सतर्क रहने की सख्त सलाह दी है।
रेलवे प्रशासन के संज्ञान में आया है कि विभिन्न सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर “कोटा जंक्शन रेलवे स्टेशन भर्ती 2026” जैसे भ्रामक शीर्षकों के साथ नकली विज्ञापन वायरल हो रहे हैं। इन विज्ञापनों के जरिए युवाओं को झांसा देकर आर्थिक ठगी का प्रयास किया जा रहा है।
रेलवे में नहीं होती कोई ‘सीधी भर्ती’
वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक श्री सौरभ जैन ने बताया कि भारतीय रेलवे में सभी भर्तियां निर्धारित नियमों एवं पूरी तरह पारदर्शी प्रक्रिया के तहत की जाती हैं। इसके लिए केवल रेलवे भर्ती बोर्ड (RRB) तथा रेलवे भर्ती सेल (RRC) ही अधिकृत हैं। रेलवे किसी भी पद पर सीधी भर्ती, बिना परीक्षा नियुक्ति या किसी निजी माध्यम से चयन जैसी कोई प्रक्रिया नहीं अपनाता है।
झांसे में न आएं, ये दावे हैं पूरी तरह फर्जी:
- ”बिना परीक्षा के रेलवे में सीधी भर्ती”
- ”डायरेक्ट इंटरव्यू और तुरंत जॉइनिंग”
- ”कम शैक्षणिक योग्यता पर सरकारी नौकरी”
श्री जैन ने स्पष्ट किया कि इन फर्जी विज्ञापनों में रेलवे का नाम, लोगो (Logo) और स्टेशनों के नाम का अनधिकृत इस्तेमाल किया जा रहा है, जिससे लोग भ्रमित हो रहे हैं। इन विज्ञापनों का भारतीय रेलवे या कोटा मंडल से कोई लेना-देना नहीं है।
संदिग्ध दिखने पर तुरंत करें ये काम:
रेल प्रशासन ने युवाओं और अभिभावकों से अपील की है कि वे नौकरी के नाम पर किसी भी व्यक्ति या संस्था को धनराशि का भुगतान न करें। यदि कोई ऐसा संदिग्ध विज्ञापन या झांसा देने वाला व्यक्ति मिले, तो:
- उसकी सूचना तुरंत स्थानीय पुलिस या साइबर क्राइम हेल्पलाइन नंबर 1930 पर दें।
- संबंधित सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर भी उस विज्ञापन की रिपोर्ट/शिकायत दर्ज कराएं।
केवल आधिकारिक वेबसाइट पर ही करें भरोसा:
रेलवे भर्ती से जुड़ी सभी प्रामाणिक और लेटेस्ट जानकारियां केवल भारतीय रेलवे और रेलवे भर्ती बोर्ड (RRB) की आधिकारिक वेबसाइटों पर ही उपलब्ध होती हैं। किसी भी विज्ञापन पर आंख मूंदकर भरोसा करने से पहले उसकी सत्यता जांच लें।

