उ
भवानीमंडी।
श्री सुधर्म जैन महिला मंडल, मुंबई के तत्वावधान में आगामी 6 और 7 जून को मुंबई के ‘मानस मंदिर’ में दो दिवसीय आवासीय “उड़ान चिंतन शिविर” का आयोजन किया जा रहा है। इस भव्य शिविर में श्री सुधर्म जैन नवयुवक मंडल के पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं अहिंसा प्रकोष्ठ के राष्ट्रीय संयोजक नितेश नागोता जैन मुख्य वक्ता के रूप में शिरकत करेंगे।
शिविर में 500 से अधिक युवतियां, बहु मंडल और महिला मंडल की सदस्य भाग लेंगी, जिन्हें आधुनिक युग में संस्कारों और व्यक्तित्व विकास का मार्गदर्शन दिया जाएगा।
व्यक्तित्व विकास और आत्म-अवलोकन पर रहेगा जोर
मुख्य वक्ता नितेश नागोता जैन शिविरार्थियों को धर्म संस्कारों का जीवन में महत्व, व्यावहारिक जीवन में विवेक, पारिवारिक व सामाजिक दायित्वों के प्रति जागृति तथा भौतिकता एवं फैशनपरस्ती के अंधानुकरण से बचाव जैसे गंभीर विषयों पर तार्किक व प्रासंगिक मार्गदर्शन देंगे।
शिविर के दौरान महिलाओं में आत्म-विश्वास और आत्म-अवलोकन जगाने के लिए विशेष सत्र आयोजित किए जाएंगे, जिनमें मुख्य विषय रहेंगे:
- स्वयं को निहारें, स्वयं को सुधारें
- आओ खुद को बदलें
- अपने जीवन का नक्शा बनाएं
- आओ करें फ्यूचर प्लानिंग
इसके साथ ही, शिविर को रोचक और ज्ञानवर्धक बनाने के लिए विभिन्न प्रकार की प्रतियोगिताओं का भी आयोजन किया जाएगा।
वरिष्ठ प्रबुद्धजन भी करेंगे संबोधित
इस दो दिवसीय आवासीय शिविर में नितेश नागोता जैन के साथ-साथ अन्य प्रबुद्ध विचारक भी अपने विचार रखेंगे। वक्ताओं में पाली से श्री प्रकाश जी सुराना व श्री महेंद्र जी बंब, तथा भवानी मंडी से श्रीमती रेणुका जी नागौता एवं सुश्री शुभांगी जी नागोता जैन शामिल हैं, जो विभिन्न सत्रों को संबोधित करेंगे।
तैयारियां जोरों पर
इस वृहद आयोजन को सफल बनाने के लिए मुंबई में तैयारियां जोरों पर हैं। श्री रमेश जी नाहर (भायंदर) के कुशल नेतृत्व में श्रीमती हेमा जी ओस्तवाल और श्रीमती रूपाली जी बडोला (मुंबई) सहित पूरी टीम व्यवस्थाओं को अंतिम रूप देने में जुटी हुई है। मंडल के पदाधिकारियों ने समाज की अधिक से अधिक बहनों से इस शिविर का लाभ उठाने की अपील की है।

