कोटा मंडल में ‘परख’ से निरीक्षण व्यवस्था हुई अधिक आधुनिक और प्रभावी

स्वचालित निरीक्षण वाहन से अधिकारियों को मिला तेज, सुरक्षित और सुविधाजनक निरीक्षण माध्यम

कोटा

पश्चिम मध्य रेलवे के कोटा मंडल में स्वचालित स्व-चालित निरीक्षण वाहन (एसपीआईसी) ‘परख’ निरीक्षण कार्यों को अधिक आधुनिक, प्रभावी एवं सुविधाजनक बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है। यह वाहन विभिन्न विभागों के अधिकारियों को रेलखंड, स्टेशनों, समपार फाटकों, पुलों, ओवरहेड विद्युत उपकरणों तथा अन्य रेलवे परिसंपत्तियों का निरीक्षण करने के लिए एक समर्पित एवं स्वायत्त परिवहन माध्यम उपलब्ध करा रहा है।

वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक श्री सौरभ जैन ने बताया कि ‘परख’ के संचालन से निरीक्षण कार्यों के लिए लोकोमोटिव अथवा अन्य रेल संसाधनों पर निर्भरता समाप्त हुई है। इससे निरीक्षण कार्यक्रमों का संचालन अधिक सुगमता और लचीलापन के साथ किया जा रहा है तथा परिचालन संसाधनों का भी बेहतर उपयोग सुनिश्चित हुआ है।

उन्होंने बताया कि वाहन में जीपीएस आधारित लोकेशन ट्रैकिंग, सीसीटीवी कैमरे, वायरलेस इंटरनेट सुविधा तथा रियल टाइम मॉनिटरिंग जैसी आधुनिक तकनीकें उपलब्ध हैं। इन सुविधाओं के कारण निरीक्षण के दौरान आवश्यक सूचनाओं का संकलन और विश्लेषण अधिक प्रभावी ढंग से किया जा रहा है।

‘परख’ अधिकारियों को रेल परिसंपत्तियों के व्यापक निरीक्षण के लिए तेज, सुरक्षित और विश्वसनीय माध्यम उपलब्ध करा रही है। इससे निरीक्षण कार्यों की गुणवत्ता में सुधार हुआ है तथा रेलवे की संरक्षा एवं अनुरक्षण व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ बनाने में सहायता मिल रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!