अ
भवानीमंडी। स्थानीय अहिंसा गौशाला में घायल, बीमार और असहाय गोवंश के लिए किए जा रहे चिकित्सा व सेवा कार्य लगातार लोगों को आकर्षित कर रहे हैं। इसी कड़ी में गौशाला के सेवा कार्यों से प्रभावित होकर इंदौर निवासी एक चिकित्सक दंपति ने गौशाला को 51 हजार रुपए की सहयोग राशि भेंट की है।
गौशाला के व्यवस्थापक सुनील चौहान ने जानकारी देते हुए बताया कि गौशाला अध्यक्ष प्रकाश चंद्र गुप्ता की सुपुत्री डॉ. नीतू गुप्ता एवं दामाद डॉ. नीरज गुप्ता (रेडियोलॉजिस्ट, इंदौर) एक धार्मिक आयोजन के सिलसिले में भवानीमंडी आए हुए थे। इस दौरान उन्होंने अहिंसा गौशाला का भ्रमण किया। गौशाला में अपंग, वृद्ध और गंभीर रूप से घायल गायों के लिए की जा रही बेहतरीन चिकित्सा व्यवस्था और नि:स्वार्थ देखभाल को देखकर दोनों बेहद प्रभावित हुए। उन्होंने मौके पर ही 51 हजार रुपए की आर्थिक सहायता प्रदान की और भविष्य में भी लगातार सहयोग करने का संकल्प लिया।
इस अवसर पर डॉ. नीरज एवं डॉ. नीतू गुप्ता ने कहा कि पुरुषोत्तम मास में दान का विशेष महत्व है। भवानीमंडी में असहाय व बीमार गोवंश के लिए अहिंसा गौशाला द्वारा किए जा रहे सेवा कार्य वास्तव में अनुकरणीय हैं।
पूर्णतः जनसहयोग पर आश्रित है गौशाला
गौशाला अध्यक्ष प्रकाश चंद्र गुप्ता ने बताया कि अहिंसा गौशाला लंबे समय से नगर में बीमार, वृद्ध और दुर्घटनाग्रस्त गायों के इलाज और भरण-पोषण का कार्य कर रही है। यह संस्था संपूर्ण रूप से जनसहयोग पर ही निर्भर है। उन्होंने खुशी जताते हुए कहा कि स्थानीय और बाहरी दानवीर भामाशाहों के निरंतर सहयोग से ही यह पुनीत कार्य सुचारू रूप से चल पा रहा है।

