पेड़ गिरने से 11KV लाइन टूटी, जीएसएस का पोल भी धराशायी; मौसम विभाग ने जारी की चेतावनी
भवानीमंडी/भैसोदामंडी।
क्षेत्र में आए तेज आंधी-तूफान और बेमौसम बारिश ने भारी तबाही मचाई है। इस प्राकृतिक आपदा से सबसे ज्यादा नुकसान बिजली विभाग को पहुंचा है। तेज हवाओं के कारण कई जगहों पर पेड़ और उनकी टहनियां उखड़कर बिजली की लाइनों पर गिर गईं, जिससे भैसोदामंडी और भवानीमंडी दोनों ही कस्बों और आस-पास के ग्रामीण इलाकों में विद्युत आपूर्ति पूरी तरह ठप हो गई है।
रास्ते बंद, कई घरों के चद्दर उड़े
तूफान का असर यातायात और रिहायशी इलाकों पर भी देखने को मिला। भानपुर रोड पर भैसोदा मंडी पुलिस चौकी के पास एक पेड़ गिरने से मुख्य रास्ता अवरुद्ध हो गया। वहीं, बेमौसम की इस मार से कई गरीबों और ग्रामीणों के मकानों के चद्दर (टीनशेड) उड़ गए, जिससे लोगों को काफी नुकसान उठाना पड़ा है।
बिजली विभाग को भारी नुकसान, सुधार कार्य जारी
विद्युत विभाग से मिली आधिकारिक जानकारी के अनुसार, तूफान के कारण बुनियादी ढांचे को बड़ा नुकसान हुआ है:
भैसोदामंडी: पेड़ गिरने से 11 केवी (KV) लाइन के तार टूट गए।
गुराड़िया जोगा: यहां स्थित जीएसएस (GSS) में एक बिजली का पोल धराशायी हो गया।
घटोद-गुराडी: इस रूट पर जाने वाली 33 केवी (KV) हाईटेंशन लाइन में भारी फाल्ट आ गया है।
विद्युत विभाग का कहना है:
“फाल्ट और नुकसान काफी बड़ा है, इसलिए बिजली व्यवस्था को पूरी तरह बहाल होने में समय लग सकता है। विभाग के कर्मचारी और तकनीकी टीम लगातार पेट्रोलिंग कर फाल्ट ढूंढने और लाइनों को दुरुस्त करने के कार्य में जुटे हुए हैं।”
मौसम विभाग की चेतावनी: दोबारा आ सकता है तूफान, घरों में रहें सुरक्षित
फिलहाल क्षेत्र में खतरा टला नहीं है। आसमान में अब भी घने काले बादल छाए हुए हैं और बिजली की तेज कड़कड़ाहट जारी है। मौसम विभाग ने आगामी कुछ घंटों के लिए अलर्ट जारी करते हुए चेतावनी दी है कि आंधी-तूफान का दौर दोबारा शुरू हो सकता है।
अपील: खराब मौसम और आसमानी बिजली के खतरे को देखते हुए प्रशासन और मौसम विभाग ने आम लोगों से अपील की है कि वे बेहद आवश्यक कार्य होने पर ही अपने घरों से बाहर निकलें और सुरक्षित स्थानों पर रहें।
फोटो- भैसोदामंडी पुलिस चौकी जाने वाले मार्ग पर पेड़ गिरा ,गुराडिया जोगा जीएसएस का पोल गिर गया ,भवानीमंडी में एक पेड़ की टहनियों गिरने से रास्ता अवरुद्ध ।


