हिंदी पत्रकारिता के 200 वर्ष: भवानी मंडी में ‘जार’ की जिला स्तरीय विचार गोष्ठी संपन्न



निष्पक्ष और पारदर्शी पत्रकारिता से ही बनी रहेगी समाज में गरिमा: नितेश नागोता

भवानीमंडी (झालावाड़)।
हिंदी पत्रकारिता के गौरवमयी 200 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में जर्नलिस्ट्स एसोसिएशन ऑफ राजस्थान (जार) जिला झालावाड़ इकाई की ओर से रविवार को एक भव्य विचार गोष्ठी का आयोजन किया गया। भवानी मंडी स्थित बाल निकेतन स्कूल में आयोजित इस गोष्ठी का मुख्य विषय ‘समाज में हिंदी पत्रकारिता का महत्व’ रहा। कार्यक्रम के दौरान उत्कृष्ट कार्य करने वाले युवा एवं ग्रामीण पत्रकारों को सम्मानित भी किया गया।
पत्रकारिता में निष्पक्षता और पारदर्शिता जरूरी
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि समाजसेवी नितेश नागोता ने दीप प्रज्वलित कर गोष्ठी की शुरुआत की। अपने संबोधन में नागोता ने कहा, “समाज में पत्रकारिता की गरिमा और विश्वसनीयता को बनाए रखने के लिए इसका निष्पक्ष व पारदर्शी होना बेहद जरूरी है।” उन्होंने ‘जार’ संगठन के सामाजिक सरोकारों की सराहना करते हुए कहा कि संगठन ने पत्रकारिता के साथ-साथ सामाजिक कार्यों में भी अनुकरणीय भूमिका निभाई है, जिसके लिए वे सदैव हरसंभव सहयोग के लिए तत्पर रहेंगे।

बदलते दौर में संगठन ही पत्रकारों की ढाल
मुख्य वक्ता के रूप में उपस्थित ‘जार’ के प्रदेश संगठन महामंत्री भंवर सिंह कछवाहा ने वर्तमान दौर की पत्रकारिता की चुनौतियों पर बेबाकी से प्रकाश डाला। उन्होंने कहा, “आज पत्रकारिता का स्वरूप तेजी से बदल रहा है, जिससे वास्तविक पत्रकारिता कमजोर पड़ रही है। आजकल पत्रकार कम और निजी स्वार्थ या खुन्नस निकालने वाले लोग ज्यादा हावी हो रहे हैं। हमें ऐसी परिस्थितियों से बचना होगा।”
कछवाहा ने एकजुटता पर बल देते हुए कहा कि ‘जार’ एकमात्र ऐसा संगठन है जो पूरी सक्रियता के साथ पत्रकार हितों के लिए काम कर रहा है। संकट के समय संगठन ही पत्रकारों की मजबूत ढाल बनता है, इसलिए सभी को पूरी ईमानदारी के साथ संगठन से जुड़े रहना चाहिए। उन्होंने उपस्थित पत्रकारों को हिंदी पत्रकारिता के ऐतिहासिक महत्व और सामाजिक दायित्वों के बारे में विस्तार से समझाया।

वरिष्ठ अतिथियों और पदाधिकारियों ने रखे विचार
गोष्ठी को विशिष्ट अतिथि गणेश सालेचा और समाजसेवी श्याम चौधरी ने भी संबोधित किया। विचार गोष्ठी में ‘जार’ के जिला महासचिव दिलीप शर्मा श्रंगी, जिला उपाध्यक्ष अमित अग्रवाल, जिला कोषाध्यक्ष संस्कृति जैन, उपाध्यक्ष किशोर सोनी व ओम सोनी सहित कई वक्ताओं ने अपनी बात रखी। कार्यक्रम के अंत में ‘जार’ के जिलाध्यक्ष दिलीप जैन ने सभी अतिथियों और आगंतुक पत्रकारों का आभार व्यक्त किया।

इनकी रही गरिमामयी उपस्थिति
इस दौरान ‘जार’ प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य दिलीप सोनी, कपिल गुप्ता, दिनेश विश्वकर्मा, राजेश परिहार, जयंत पोरवाल, आबिद हुसैन, निखिल सोनी, लालचंद, अमजद अली, निकुंज विश्वकर्मा, धीरेंद्र शर्मा, विशाल धाभाई, रुद्राक्ष झाला, राजू वर्मा, मनोज शर्मा, विष्णु सुमन व मुकेश शर्मा सहित बड़ी संख्या में जिला व ग्रामीण क्षेत्रों के पत्रकार मौजूद रहे।
कार्यक्रम का बेहद प्रभावी और सफल संचालन वरिष्ठ शिक्षक कुमोद शर्मा ने किया। गोष्ठी के समापन के पश्चात सभी के लिए सामूहिक भोज का आयोजन किया गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!