भवानीमंडी में मौसम का यू-टर्न: मोबाइल पर अलर्ट बजते ही सहमे लोग, आंधी-बारिश से मिली गर्मी से राहत




तेज हवाओं के साथ हुई बारिश, एहतियातन काटी गई भवानीमंडी और भैसोदामंडी की बिजली

भवानीमंडी। ( जगदीश पोरवाल )
क्षेत्र में बीते कुछ दिनों से जारी भीषण गर्मी और 42-43 डिग्री के टॉर्चर के बीच मौसम ने अचानक करवट बदली है। शाम ढलते ही मौसम का मिजाज ऐसा बदला कि लोगों को भीषण तपिश से बड़ी राहत मिली, हालांकि अचानक आए इस बदलाव और मोबाइल पर आए एक सरकारी अलर्ट ने शुरुआत में लोगों को हैरत में डाल दिया।
शाम को मोबाइल पर बजा अलर्ट, लोग हुए चौकन्ने
शाम करीब 7 बजे के बाद अचानक क्षेत्र के नागरिकों के मोबाइल फोन पर एक तेज आपातकालीन अलर्ट की घंटी बजी। ऐसी अजीब और तेज घंटी पहले कभी न सुनने के कारण एक बारगी तो लोग चौंक गए और किसी बड़ी प्राकृतिक आपदा की आशंका से सहम गए। दरअसल, यह मौसम विभाग का पूर्वानुमान अलर्ट था, जिसमें अगले तीन घंटों के भीतर तेज आंधी-तूफान और बारिश की चेतावनी दी गई थी।
9:15 बजे शुरू हुआ आंधी-बारिश का दौर
मौसम विभाग का यह पूर्वानुमान बिल्कुल सटीक साबित हुआ। ठीक रात 9:15 बजे क्षेत्र में तेज आंधी चलना शुरू हो गई। हालांकि, आंधी की रफ्तार औसत थी, लेकिन इसके करीब 15-20 मिनट बाद ही आसमान में बिजली की कड़कड़ाहट के साथ झमाझम बारिश शुरू हो गई। तेज हवाओं के साथ आई इस बारिश से पूरा मौसम खुशनुमा हो गया।
एहतियातन गुल रही बत्ती:
मौसम विभाग की चेतावनी को देखते हुए विद्युत विभाग भी पूरी तरह सतर्क मोड पर था। जैसे ही तेज हवाएं चलना शुरू हुईं, विभाग ने सुरक्षा के लिहाज से भवानीमंडी और भैसोदामंडी दोनों ही क्षेत्रों की बिजली आपूर्ति (विद्युत प्रदाय) बंद कर दी। बिजली कटने के बाद लोग अपने घरों से बाहर निकल आए और देर तक बारिश का लुत्फ उठाते नजर आए।

पारे में आई भारी गिरावट, छुटपुट नुकसान की खबर
करीब 35 से 40 मिनट तक चली तेज हवा और बारिश के बाद मौसम पूरी तरह ठंडा हो गया। जो तापमान पिछले कुछ दिनों से 42-43 डिग्री सेल्सियस के आसपास बना हुआ था, उसमें अचानक भारी गिरावट दर्ज की गई, जिससे लोगों को उमस और गर्मी से बड़ी राहत मिली है। हालांकि, तेज आंधी के कारण क्षेत्र में कुछ स्थानों पर छुटपुट नुकसान होने के समाचार भी मिले हैं।
समाचार लिखे जाने तक बारिश का दौर तो कुछ थम गया था, लेकिन आसमान में बिजलियों की गर्जना लगातार जारी थी, जिससे देर रात फिर से तेज बारिश होने की संभावना बनी हुई है। भैसोदामंडी व भवानीमंडी में रात 10:45 बजे तक विद्युत प्रदाय बंद थी ।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!