कम वोल्टेज की समस्या से परेशान अनंत विहार कॉलोनी के बाशिंदों ने दिया ज्ञापन, समाधान न होने पर धरने की चेतावनी

भवानीमंडी।

शहर के अनंत विहार कॉलोनी (A ब्लॉक) में लंबे समय से चली आ रही कम वोल्टेज (लो-वोल्टेज) की समस्या से गुस्साए वार्ड वासियों और नगर कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने उपखंड अधिकारी और बिजली विभाग को ज्ञापन सौंपा। ग्रामीणों ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द ही इस समस्या का स्थाई समाधान नहीं किया गया, तो बिजली विभाग के कार्यालय पर उग्र धरना-प्रदर्शन किया जाएगा।

आश्वासन से टूठा सब्र, अब आंदोलन की राह

​कॉलोनी वासियों के अनुसार, लो-वोल्टेज की वजह से घरों के बिजली उपकरण शोपीस बनकर रह गए हैं और भीषण गर्मी में लोगों का जीना मुहाल हो गया है। इस संबंध में वार्ड वासियों द्वारा पहले भी कई बार ऑनलाइन शिकायत दर्ज कराई गई, साथ ही बिजली विभाग के अधिकारियों को लिखित व मौखिक रूप से भी अवगत कराया गया। लेकिन हर बार सिर्फ खोखले आश्वासन ही मिले, धरातल पर कोई कार्रवाई नहीं हुई। आखिरकार थक-हारकर वार्ड वासियों को प्रशासन का दरवाजा खटखटाना पड़ा।

“बिजली विभाग के ढुलमुल रवैये से जनता परेशान है। अगर जल्द से जल्द वोल्टेज की समस्या को ठीक नहीं किया गया, तो नगर कांग्रेस और वार्ड वासी मिलकर बिजली विभाग के घेराव और धरने के लिए मजबूर होंगे।”

नगर कांग्रेस प्रतिनिधिमंडल

एसडीएम ने दिया जल्द समाधान का भरोसा

​ज्ञापन सौंपने के बाद उपखंड अधिकारी (एसडीएम) महोदया ने मामले की गंभीरता को समझा और तुरंत बिजली विभाग के उच्च अधिकारियों से फोन पर बात की। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि कॉलोनी की इस बुनियादी समस्या का जल्द से जल्द निस्तारण किया जाए। साथ ही एसडीएम ने प्रतिनिधिमंडल को भी आश्वस्त किया कि वे इस मामले की खुद निगरानी करेंगी ताकि लोगों को राहत मिल सके।

यह रहे उपस्थित

​ज्ञापन सौंपने के दौरान नगर कांग्रेस अध्यक्ष विनय आसतोलिया, सेवादल ब्लॉक उपाध्यक्ष शीतल जैन, कालूलाल जैन, अनिल सालेचा, मानकचंद, भावना, खुशी, रामूबाई, रेखाबाई, उषा परिहार सहित बड़ी संख्या में अनंत विहार कॉलोनी के वार्ड वासी और कांग्रेस कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!