सफाई व्यवस्था को लेकर पालिका प्रशासन सख्त, नपा ईओ ने लिया जायजा



भवानीमंडी।
नगर में पिछले कुछ समय से बिगड़ती सफाई व्यवस्था को लेकर उपखंड अधिकारी के कड़े निर्देशों के बाद गुरुवार को नगर पालिका प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद नजर आया। सफाई व्यवस्था को पटरी पर लाने के लिए नगर पालिका अधिशासी अधिकारी (ईओ) मनीष मीणा ने खुद मोर्चा संभाला और सुबह से ही शहर के विभिन्न वार्डों का दौरा कर सफाई कर्मचारियों की उपस्थिति और कार्य का बारीकी से जायजा लिया।

निरीक्षण में तीन कर्मचारी मिले नदारद, होगी कार्रवाई

नपा ईओ मनीष मीणा ने बताया कि गुरुवार सुबह अंबेडकर सर्किल के आसपास के क्षेत्र का औचक निरीक्षण किया गया। यहाँ तैनात कुल 19 सफाई कर्मचारियों में से 15 कर्मचारी मौके पर उपस्थित मिले, जबकि एक कर्मचारी अवकाश पर था। वहीं, बिना सूचना के ड्यूटी से नदारद मिले 3 अनुपस्थित कर्मचारियों के खिलाफ अनुशासनात्मक कार्रवाई की जाएगी।

नालों की सफाई का लिया जायजा,

ईओ ने सुबह-सुबह रामनगर, दरगाह मोहल्ला, गरीब नवाज कॉलोनी और एकता नगर का दौरा कर वहाँ के बड़े नालों की सफाई व्यवस्था को देखा। इस दौरान उन्होंने बीट जमादार को नालों की नियमित और बेहतर सफाई के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
व्यवस्था को और मजबूत करने के लिए प्रशासन ने एक बड़ा कदम उठाया है। ईओ ने बताया कि:
प्रतिदिन रामगंजमंडी से आने वाले 3 लाइट कर्मचारियों को अब मूल रूप से सफाई व्यवस्था में लगा दिया गया है, क्योंकि वे मूल पद से सफाई कर्मचारी ही हैं। इससे शहर की सफाई व्यवस्था को अतिरिक्त मैनपावर मिलेगी।

दुकानदारों को समझाइश: सड़क पर कचरा फेंका तो खैर नहीं

दौरे के दौरान रामनगर क्षेत्र में सड़क पर कचरा फैलाने वाले दुकानदारों को ईओ मनीष मीणा ने खुद समझाइश दी। उन्होंने व्यापारियों से अपील की कि वे अपनी दुकानों का कचरा सड़क पर न फेंककर डस्टबिन में डालें और साफ-सफाई का पूरा ध्यान रखें।
लापरवाह कर्मचारियों को बख्शा नहीं जाएगा: ईओ

अधिशासी अधिकारी ने साफ शब्दों में चेतावनी दी है कि अब नगर की सफाई व्यवस्था पर नियमित रूप से पैनी नजर रखी जाएगी। कार्य में किसी भी प्रकार की कोताही बर्दाश्त नहीं होगी और लापरवाही बरतने वाले कर्मचारियों व जमादारों के खिलाफ सख्त कदम उठाए जाएंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!