साइबर फ्रॉड में शामिल म्यूल बैंक खाता धारक गिरफ्तार, 4 पासबुक और एटीएम कार्ड जब्त

भवानीमंडी।

बढ़ते साइबर अपराधों पर अंकुश लगाने के लिए झालावाड़ पुलिस द्वारा चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत भवानीमंडी थाना पुलिस को एक बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस ने साइबर फ्रॉड में संलिप्त और अपने बैंक खातों को ‘म्यूल अकाउंट’ के रूप में बेचने वाले आरोपी राहुल राठोर को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से 4 बैंक पासबुक, 4 एटीएम कार्ड और 3 चेकबुक बरामद की हैं।

विशेष अभियान के तहत हुई कार्रवाई

​जिला पुलिस अधीक्षक श्री अमित कुमार ने बताया कि साइबर अपराधों पर प्रभावी नियंत्रण और इसमें शामिल खाताधारकों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई के लिए जिले के सभी थानाधिकारियों को विशेष टीम गठित कर अभियान चलाने के निर्देश दिए गए हैं। इसी क्रम में भवानीमंडी थानाधिकारी प्रमोद कुमार के नेतृत्व में एक विशेष टीम का गठन किया गया था।

गोपनीय सूचना और तकनीकी विश्लेषण से खुला राज

​थानाधिकारी प्रमोद कुमार के अनुसार, 26 मई को सहायक उपनिरीक्षक हरवीरेंद्र सिंह को गोपनीय सूचना मिली थी कि कस्बा पचपहाड़ निवासी राहुल राठोर स्वयं के बैंक खातों को म्यूल खातों के रूप में इस्तेमाल करवा रहा है और इन खातों के माध्यम से बड़े पैमाने पर साइबर धोखाधड़ी की जा रही है। पुलिस द्वारा जब तकनीकी विश्लेषण किया गया, तो सूचना सही पाई गई। आरोपी राहुल इन खातों के जरिए साइबर फ्रॉड की राशि मंगाकर अवैध लाभ कमा रहा था। इस पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की।

पुलिस टीम ने दी दबिश, आरोपी दबोचा

​एसपी अमित कुमार और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक भागचंद मीणा के निर्देशन तथा भवानीमंडी वृत्ताधिकारी मनोज कुमार सोनी के सुपरविजन में पुलिस टीम ने त्वरित कार्रवाई की। पुलिस ने तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर 27 मई 2026 को आरोपी राहुल राठोर (पुत्र बालचंद राठोर, निवासी फुलसदन पचपहाड़, भवानीमंडी) को गिरफ्तार कर लिया। तलाशी के दौरान उसके पास से विभिन्न बैंकों की पासबुक, एटीएम और चेकबुक जब्त की गई हैं। पुलिस अब आरोपी से पूछताछ कर रही है कि उसने ये खाते किन साइबर ठगों को बेचे थे और इसमें कौन-कौन शामिल है।

कार्रवाई करने वाली पुलिस टीम:

​इस कामयाबी में भवानीमंडी थानाधिकारी प्रमोद कुमार, एएसआई हरवीरेंद्र सिंह, कांस्टेबल तेजेंद्र सिंह (1379), कांस्टेबल प्रेमाराम (657) और कांस्टेबल हरिराम सैनी (1258) की मुख्य भूमिका रही।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!