- ई-कचरा वाहन और जेसीबी को दिखाई हरी झंडी
- भामाशाह राजेंद्र मेड़तवाल ने निजी खर्च से बनवाया आधुनिक महिला स्नानघर, सौंपी चाबी
भैंसोंदा।
नगर परिषद भैंसोंदा द्वारा बस स्टैंड पर एक भव्य कार्यक्रम का आयोजन किया गया। समारोह में क्षेत्रीय विधायक चंद्र सिंह सिसोदिया ने नगर के विभिन्न वार्डों में ₹300 लाख (3 करोड़ रुपये) की लागत से होने वाले विभिन्न विकास कार्यों का भव्य लोकार्पण किया। इस दौरान विधायक ने नगर परिषद के नए सरकारी वाहनों, जिनमें ई-कचरा वाहन और जेसीबी (JCB) शामिल हैं, को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।
विकास की राह पर निरंतर आगे बढ़ रहा है क्षेत्र: विधायक
समारोह को संबोधित करते हुए विधायक चंद्र सिंह सिसोदिया ने कहा, “अगर हम अपने क्षेत्र की तुलना पिछले दिनों से आज के समय से करें, तो हम हर क्षेत्र में काफी विकास कर चुके हैं और यह प्रक्रिया निरंतर जारी है। विकास के मामले में क्षेत्र में कोई कसर नहीं छोड़ी जाएगी।”
कार्यक्रम में उपस्थित डॉ. मनुप्रिया यादव ने भी अपने विचार व्यक्त किए। उन्होंने कहा कि नगर के विकास में निरंतर योगदान देना हमारा परम कर्तव्य है। आज परिषद को मिला नया कचरा वाहन नगर को स्वच्छ और सुंदर बनाने में मील का पत्थर साबित होगा।
भामाशाह ने पेश की सामाजिक सरोकार की अनूठी मिसाल
कार्यक्रम के दौरान नगर के प्रतिष्ठित भामाशाह राजेंद्र मेड़तवाल ने सामाजिक सरोकार की एक अनूठी मिसाल पेश की। उन्होंने अपने दादा स्वर्गीय गोपाल लाल मेड़तवाल की पुण्य स्मृति में निजी खर्च से एक आधुनिक महिला स्नानघर का निर्माण करवाया। श्री मेड़तवाल ने इस नवनिर्मित स्नानघर की चाबी परिषद अध्यक्ष गायत्री पौराणिक को सौंपी। परिषद अध्यक्ष ने भामाशाह के इस सराहनीय कार्य के लिए उनका सहृदय आभार व्यक्त किया।
यह रहे उपस्थित
भव्य मंच पर विधायक चंद्र सिंह सिसोदिया के साथ डॉ. मनुप्रिया यादव, मंडल अध्यक्ष उमेश पाटीदार, परिषद अध्यक्ष गायत्री पौराणिक, उपाध्यक्ष अर्जुन शर्मा, लोक निर्माण सभापति रेखा गुर्जर, महामंत्री अरविंद भील ठाकुर, पूर्व सरपंच श्याम गुर्जर, जिला पिछड़ा प्रकोष्ठ सदस्य राकेश यादव, पार्षद सीमा यादव, आशा चंदेल, राजा बाबू और मनोहर सैनी मंचासीन रहे।
इस अवसर पर नगर परिषद के सभी मनोनीत पार्षद, परिषद कर्मचारी, आंगनवाड़ी कार्यकर्ता तथा सहायिकाएं विशेष रूप से उपस्थित रहीं। कार्यक्रम के अंत में मुख्य नगरपालिका अधिकारी (CMO) गिरीश शर्मा ने सभी अतिथियों, जनप्रतिनिधियों और नागरिकों का आभार व्यक्त किया।

