वक्फ बोर्ड पचपहाड़ तहसील अध्यक्ष जाकिर मिंडा पर जानलेवा हमला, गंभीर हालत में झालावाड़ रैफर

वक्फ बोर्ड पचपहाड़ तहसील अध्यक्ष जाकिर मिंडा पर जानलेवा हमला, गंभीर हालत में झालावाड़ रैफर

पुरानी रंजिश के चलते 5-6 बदमाशों ने घात लगाकर किया हमला; सिर में आए टांके, हाथ-पैर फ्रैक्चर

भवानीमंडी।

वक्फ बोर्ड पचपहाड़ (राजस्थान) के तहसील अध्यक्ष जाकिर मिंडा पर शनिवार देर रात कुछ बदमाशों ने घात लगाकर जानलेवा हमला कर दिया। वारदात उस समय हुई जब वे भवानीमंडी से अपने घर मालीपुरा (मध्य प्रदेश) लौट रहे थे। गंभीर रूप से घायल अध्यक्ष को प्राथमिक उपचार के बाद झालावाड़ रैफर किया गया है। पुलिस ने नामजद आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

रेलवे फाटक के पास बदमाशों ने घेरा

​भैंसोदामंडी (मध्य प्रदेश) चौकी प्रभारी धर्मेश यादव से मिली जानकारी के अनुसार, शनिवार रात्रि करीब 11:30 बजे वक्फ बोर्ड अध्यक्ष जाकिर मिंडा जब मालीपुरा जा रहे थे, तभी रेलवे फाटक से मालीपुरा के बीच घात लगाकर बैठे 5-6 बदमाशों ने उन पर अचानक लाठी-डंडों और हथियारों से हमला बोल दिया।

पुरानी रंजिश का मामला, आरोपियों के नाम आए सामने

​चौकी प्रभारी ने बताया कि शुरुआती तफ्तीश में इस हमले के पीछे आपसी पुरानी रंजिश की बात सामने आ रही है। वारदात में शामिल हमलावरों में बरकत पठान, नईम, जावेद खान, अभिनव और उनके कुछ अन्य साथियों के नाम सामने आए हैं। पुलिस इन आरोपियों की तलाश में जुट गई है।

सिर में टांके, हाथ-पैर में फ्रैक्चर

​हमले के बाद लहूलुहान हालत में जाकिर मिंडा को तत्काल भवानीमंडी (राजस्थान) के राजकीय चिकित्सालय ले जाया गया। बताया गया की उनके सिर में गंभीर चोटें आई हैं, जिसके चलते तीन-चार टांके लगाने पड़े हैं। इसके अलावा उनके हाथ और पैर में फ्रैक्चर होना भी बताया गया है। भवानीमंडी में प्राथमिक उपचार के बाद उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए डॉक्टरों ने रात को ही उन्हें उच्च उपचार के लिए जिला अस्पताल झालावाड़ रैफर कर दिया।

​फिलहाल, पुलिस ने पीड़ित पक्ष की शिकायत पर मामला दर्ज कर आगे की वैधानिक कार्रवाई और आरोपियों की धरपकड़ के प्रयास तेज कर दिए हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!