इंदौर। स्कीम 140, पिपलिया हाना स्थित दिल पसंद ग्रीन परिवार में 17 मई से चल रही श्रीमद् भागवत कथा का शनिवार को श्रद्धा, भक्ति और धार्मिक उल्लास के साथ शुभ समापन हो गया। समापन अवसर पर बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे और कथा अमृत का रसपान कर धर्म लाभ लिया।
समापन दिवस पर सुबह पूजन, पितृ पूजन एवं हवन जैसे धार्मिक कार्यक्रम आयोजित किए गए। दोपहर में कथा वाचन के दौरान वातावरण पूरी तरह भक्तिमय बना रहा। कथा का वाचन आचार्य अतुल कृष्ण शास्त्री ने किया, जिन्होंने भगवान श्रीकृष्ण की लीलाओं एवं धर्म के महत्व पर प्रकाश डाला।
शाम को विधि-विधान से पूर्णाहुति संपन्न हुई, जिसके बाद श्रद्धालुओं को भोजन प्रसादी वितरित की गई। कार्यक्रम में महिलाओं, पुरुषों एवं बच्चों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
आयोजन की संयोजिका कल्पना राधेश्याम विजयवर्गीय ने सभी श्रद्धालुओं, सहयोगकर्ताओं एवं आयोजन से जुड़े लोगों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि कथा आयोजन से पूरे क्षेत्र में आध्यात्मिक वातावरण बना रहा।

