झालावाड़ 21 मई। ( जगदीश पोरवाल ) राजस्थान ने तम्बाकू नियंत्रण के क्षेत्र मे वैश्विक स्तर पर प्रथम स्थान प्राप्त कर नई पहचान बनाई है। इस उपलब्धि में झालावाड़ जिले के द्वारा किये गये सराहनीय कार्यो की भी विशेष भूमिका रही है। जिले में वर्ल्ड नो तम्बाकू डे के तहत व्यापक स्तर पर जनजागरूकता अभियान चलाते हुए सार्वजनिक स्थलों पर तम्बाकू सेवन करने वालों के खिलाफ कारवाई की गई।
मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकार झालावाड़ डॉ. साजिद खान ने बताया कि जिले में अस्पताल, पार्क, बस स्टेण्ड और रेल्वे स्टेशन जैसे सार्वजनिक स्थानों पर तम्बाकू का सेवन करते पाए गए लोगों के चालान काटे गए। साथ ही आमजन को सार्वजनिक स्थलों पर तम्बाकू का सेवन नही करने की शपथ भी दिलाई गई।
विद्यार्थियों और स्टॉफ को तम्बाकू से होने वाले दुष्प्रभावों की जानकारी दी
उपमुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी (स्वा.) झालावाड़ डॉ. लेखराज मालव ने बताया कि जिले के सभी 1688 राजकीय विद्यालयों, 533 निजी विद्यालयों तथा 21 महाविद्यालयों मे युवाओं को तम्बाकू सेवन से दूर रहने के लिए जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गए। राज्य स्तर से जारी निर्देशों के अनुसार समय-समय पर रैलियां, पोस्टर प्रतियोगिताएं और जनजागरूकता गतिविधियां आयोजित की गई। इन कार्यक्रमोे में विद्यार्थियों और स्टॉफ को तम्बाकू से होने वाले दुष्प्रभावों की जानकारी दी गई तथा भविष्य में इसका सेवन नही करने की शपथ भी दिलाई गई।
रिपोर्टिंग के लिए विषेष ‘कोम्बो टूल‘ बनाया:-
जिले ने तम्बाकू नियंत्रण की मॉनिटरिंग के लिए ब्लॉक स्तर से रिपोर्टिंग के लिए एक विशेष ‘कोम्बो टूल‘ भी विकसित किया गया। इसके माध्यम से सीएचओ, एएनएम, आशा कार्यकर्ताओं द्वारा रियल टाइम लोकेशन साझा कर तम्बाकू नियंत्रण से संबंधित गतिविधियों और तम्बाकू मुक्त परिसर संबंधी दिशा-निर्देशों की पालना की गई। जिले के इस अभिनव पहल को राज्य स्तर पर भी सराहा गया।

