सुरक्षित रेल यात्रा सुनिश्चित करने हेतु कोटा मंडल में 15 दिवसीय संरक्षा अभियान प्रारंभ

20 मई से 4 जून तक ट्रेनों में अग्नि सुरक्षा, ज्वलनशील सामग्री एवं विद्युत उपकरणों की विशेष जाँच

कोटा। मंडल रेल प्रबंधक श्री अनिल कलरा के मार्गदर्शन में कोटा रेल मंडल द्वारा 15 दिवसीय विशेष संरक्षा अभियान संचालित किया जा रहा है। यह अभियान दिनांक 20 मई से 4 जून तक निरंतर जारी रहेगा। अभियान के अंतर्गत कोटा मंडल से प्रारंभ एवं गुजरने वाली सभी यात्री गाड़ियों के कोचों में संरक्षा की दृष्टि से विशेष जाँच की जा रही है।

इस विशेष संरक्षा अभियान में ट्रेनों में अग्नि सुरक्षा सुनिश्चित करने हेतु कोचों की मेंटेनेंस जाँच के साथ-साथ अनाधिकृत यात्रियों की जाँच, यात्री गाड़ियों में प्रतिबंधित ज्वलनशील एवं विस्फोटक सामग्री की जाँच, पेंट्री कारों का विशेष निरीक्षण, गैस सिलेंडर तथा अन्य खतरनाक सामान की जाँच, ट्रेनों के विद्युत सुरक्षा उपकरणों की जाँच तथा कोचों एवं शौचालयों में धूम्रपान निषेध नियमों के पालन की सुनिश्चितता शामिल है।

इसके अतिरिक्त पार्सल यान में लोड किए जाने वाले पार्सल एवं सामान में ज्वलनशील सामग्री की जाँच तथा जनरेटर कार एवं इंजन कक्ष को तेल एवं ईंधन रिसाव से मुक्त रखने की विशेष निगरानी भी की जा रही है।

वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक श्री सौरभ जैन ने बताया कि रेल प्रशासन द्वारा अभियान के दौरान यात्री गाड़ियों में अग्नि सुरक्षा से जुड़े सभी निर्धारित प्रोटोकॉल का कड़ाई से पालन सुनिश्चित किया जा रहा है, ताकि यात्रियों को सुरक्षित एवं संरक्षित रेल यात्रा उपलब्ध कराई जा सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!