आरोपी के खिलाफ दर्ज हैं गंभीर धाराओं में 13 मामले, अवैध वसूली व मारपीट का है आरोप
भवानीमंडी। पुलिस ने ऑटो रिक्शा चालकों से अवैध वसूली करने और रुपये न देने पर उनके साथ बेरहमी से मारपीट करने वाले भवानीमंडी थाने के ‘ए’ श्रेणी के कुख्यात हिस्ट्रीशीटर बाचू उर्फ रुस्तम को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ गंभीर धाराओं में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
जिला पुलिस अधीक्षक अमित कुमार ने बताया कि ऑटो रिक्शा चलाने वालों से अवैध रूप से रुपयों की मांग करने व रुपये न देने पर उनके साथ मारपीट करने के मामले में थाना भवानीमंडी पुलिस ने मुख्य आरोपी हिस्ट्रीशीटर बाचू उर्फ रुस्तम पुत्र सिराज मोहम्मद (जाति मुसलमान), निवासी कसाई मोहल्ला वार्ड नंबर-17, भवानीमंडी को गिरफ्तार किया है।
यह था पूरा मामला
पुलिस के अनुसार, द 19 मई 2026 को पीड़ित ऑटो चालक मौहसिन अली पुत्र मोइनुद्दीन (उम्र 26 वर्ष, निवासी वसुंधरा विहार कॉलोनी, भवानीमंडी) ने थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई थी। पीड़ित ने बताया कि वह ऑटो रिक्शा चलाकर अपने परिवार का पालन-पोषण करता है। भवानीमंडी भेरुं चौराहा निवासी बाचू उर्फ रुस्तम भी वहीं ऑटो चलाता है और आए दिन दूसरे ऑटो चालकों से अवैध रूप से रुपयों की मांग करता है।
19 मई की सुबह करीब 10-11 बजे जब पीड़ित अपना ऑटो लेकर भवानीमंडी रेलवे स्टेशन पर गया, तो वहां आरोपी बाचू उर्फ रुस्तम, उसके दो लड़के जीशान व ताहिर, मोनू उर्फ अब्दुल सलाम, वासु पुत्र वहीद और शकील उर्फ शक्कू मिले। इन सभी ने पीड़ित को घेर लिया और कहा कि “भवानीमंडी में ऑटो रिक्शा चलाना है तो हमें खर्चा देना पड़ेगा।” जब पीड़ित ने रुपये देने से इनकार किया, तो आरोपी बाचू उर्फ रुस्तम व उसके साथियों ने लात-घूसों, थप्पड़ों और बेल्ट से उसकी बेरहमी से मारपीट की। पुलिस ने पीड़ित की रिपोर्ट पर मामला दर्ज कर अनुसंधान शुरू किया।
पुलिस टीम ने इस तरह दबोचा
मामले की गंभीरता को देखते हुए जिला पुलिस अधीक्षक अमित कुमार, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक भागचंद मीणा और वृत्ताधिकारी (CO) भवानीमंडी मनोज कुमार सोनी के निर्देशन में थानाधिकारी प्रमोद कुमार के नेतृत्व में एक विशेष टीम का गठन किया गया। पुलिस टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए 20 मई 2026 को मुख्य आरोपी हिस्ट्रीशीटर बाचू उर्फ रुस्तम को गिरफ्तार कर लिया।
तरीका वारदात और आपराधिक रिकॉर्ड
पुलिस पूछताछ में सामने आया कि आरोपी बाचू उर्फ रुस्तम खुद ऑटो चलाता है और इलाके के अन्य ऑटो चालकों पर रौब झाड़कर अवैध वसूली करता है। जो चालक उसे रुपये नहीं देते, उनके साथ वह गंभीर मारपीट और डराने-धमकाने की वारदातों को अंजाम देता है।
आरोपी भवानीमंडी थाने का ‘ए’ श्रेणी का हिस्ट्रीशीटर है और उसके खिलाफ वर्ष 1993 से लेकर अब तक मारपीट, चोरी, आर्म्स एक्ट और एनडीपीएस (NDPS) एक्ट जैसी गंभीर धाराओं में कुल 13 आपराधिक मामले दर्ज हैं।
कार्रवाई करने वाली पुलिस टीम:
इस सफल कार्रवाई में थानाधिकारी प्रमोद कुमार, उप निरीक्षक रेवतीरमण मीणा, कांस्टेबल महेश कुमार (नंबर 1380), कांस्टेबल सीताराम (नंबर 830) और कांस्टेबल हरिराम (नंबर 1258) की मुख्य भूमिका रही।

