जिले में डकैती की घटनाओं के बाद पुलिस सतर्क, सर्राफा व्यापारियों की बैठक में सुरक्षा इंतजामों पर मंथन

भवानीमंडी। ( जगदीश पोरवाल ) क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था को पुख्ता करने और व्यापारियों में सुरक्षा की भावना पैदा करने के उद्देश्य से मंगलवार (19 मई) सायं 7:30 बजे शीतला माता मंदिर (राधेश्याम मंदिर की गली) में एक महत्वपूर्ण बैठक का आयोजन किया गया। पुलिस उप अधीक्षक मनोज कुमार सोनी और थानाधिकारी प्रमोद कुमार की मौजूदगी में आयोजित इस बैठक में स्थानीय सर्राफा व्यापारियों ने भाग लिया।

सीसीटीवी कैमरे लगाने और सतर्कता बरतने के निर्देश

​बैठक के दौरान पुलिस उप अधीक्षक मनोज कुमार सोनी ने हाल ही में झालावाड़ जिले के सारोला और आंवलखेड़ा क्षेत्र में डकैतों द्वारा अंजाम दी गई चोरी व लूट की घटनाओं का हवाला दिया। उन्होंने सभी सोने-चांदी के व्यापारियों को अत्यधिक सतर्कता बरतने की सलाह दी। पुलिस अधिकारियों ने व्यापारियों से आग्रह किया कि वे अपनी दुकानों के बाहर और आसपास अच्छी गुणवत्ता वाले सीसीटीवी कैमरे अनिवार्य रूप से लगवाएं, ताकि संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखी जा सके। साथ ही, किसी भी संदिग्ध व्यक्ति के दिखाई देने पर तुरंत पुलिस को सूचना देने की बात कही।

व्यापारियों ने की शाम के समय गश्त बढ़ाने की मांग

​बैठक में भवानीमंडी सर्राफा एसोसिएशन के अध्यक्ष रजनीश सोनी ने व्यापारियों की सुरक्षा को लेकर कुछ महत्वपूर्ण सुझाव दिए। उन्होंने मांग की कि सर्राफा गली में दिन के समय नियमित गश्त हो, साथ ही शाम 6:00 बजे से रात 8:00 बजे के बीच (जब बाजार बंद होने का समय होता है) विशेष पुलिस गश्त लगाई जाए।इससे पूर्व पुलिस उपाधीक्षक व थाना अधिकारी ने सर्राफा बाजार ( राधेश्याम मंदिर गली ) का निरीक्षण किया व व्यापारियों से आवश्यक जानकारी ली ।

पुलिस का आश्वासन: सुरक्षा के लिए हमेशा तत्पर

​व्यापारियों के सुझावों पर सकारात्मक रुख अपनाते हुए पुलिस उप अधीक्षक ने विश्वास दिलाया कि पुलिस प्रशासन व्यापारियों की जान-माल की रक्षा के लिए हमेशा तत्पर है। उन्होंने आश्वासन दिया कि सुरक्षा व्यवस्था को और अधिक कड़ा किया जाएगा और गश्त बढ़ाई जाएगी।

​इस बैठक में सर्राफा एसोसिएशन के पदाधिकारियों सहित बड़ी संख्या में स्थानीय सर्राफा व्यवसाई मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!