भवानीमंडी।
माधव जन कल्याण ट्रस्ट (प्रन्यास) द्वारा ट्रस्ट के कार्यों से जुड़े परिवारों के लिए एक भव्य स्नेह मिलन कार्यक्रम का आयोजन किया गया। नगर के नंदूबाई आदर्श विद्या मंदिर में आयोजित इस कार्यक्रम में ट्रस्ट से जुड़े 137 परिवारों के कुल 257 सदस्यों ने बढ़-चढ़कर अपनी उपस्थिति दर्ज कराई।
कार्यक्रम में ट्रस्ट के अध्यक्ष बने सिंह, सचिव बंशी लाल अमरवाणी, और ट्रस्ट सदस्य रामस्वरूप नागर, सूरजमल नागर व राजेंद्र शर्मा विशेष रूप से उपस्थित रहे।
राष्ट्र प्रेम और समाज परिवर्तन का संदेश
कार्यक्रम के अंतिम सत्र में मुख्य वक्ता नरसिंह ने उपस्थित परिवारों को संबोधित किया। उन्होंने अपने उद्बोधन में परिवार के माध्यम से राष्ट्र प्रेम की भावना जागृत करने और ‘पंच परिवर्तन’ के सिद्धांत को अपनाकर समाज में सकारात्मक बदलाव लाने पर विस्तृत प्रकाश डाला।
भारत माता की आरती और आगामी कार्ययोजना
स्नेह मिलन कार्यक्रम का समापन बेहद गरिमामयी माहौल में हुआ, जहाँ उपस्थित जनों द्वारा 51 दीपकों से भारत माता की महाआरती की गई।
इस अवसर पर ट्रस्ट के पदाधिकारियों ने भविष्य की गतिविधियों को लेकर भी चर्चा की। ट्रस्ट द्वारा आगामी दिनों में पर्यावरण संरक्षण और घुमंतू समाज के उत्थान व कल्याण के लिए विशेष कार्यों की रूपरेखा (रचना) तैयार की गई, जिस पर जल्द ही काम शुरू किया जाएगा।


