भ
31 मई तक ऑनलाइन आवेदन आमंत्रित, युवाओं को मिलेगा रोजगार का अवसर
झालावाड़/भवानीमंडी। (जगदीश पोरवाल) भारतीय डाक विभाग द्वारा फ्रेंचाइजी स्कीम 2.0 के तहत भवानीमंडी सहित झालावाड़ शहर, झालरापाटन सिटी एवं बारां शहर में फ्रेंचाइजी आउटलेट खोलने के लिए ऑनलाइन आवेदन आमंत्रित किए गए हैं। चयनित फ्रेंचाइजी के माध्यम से स्पीड पोस्ट डॉक्यूमेंट, स्पीड पोस्ट पार्सल एवं इंडिया पोस्ट पार्सल (रिटेल) की बुकिंग एवं डिलीवरी का कार्य किया जाएगा।
डाक अधीक्षक, झालावाड़ मंडल ने बताया कि आवेदनकर्ता की न्यूनतम आयु 18 वर्ष तथा शैक्षणिक योग्यता कम से कम 12वीं उत्तीर्ण होना आवश्यक है। आवेदक को स्थानीय भाषा के साथ अंग्रेजी का सामान्य ज्ञान होना चाहिए। डिलीवरी कार्य के लिए स्वयं का अथवा किराए का दोपहिया वाहन एवं वैध ड्राइविंग लाइसेंस भी अनिवार्य रखा गया है।
फ्रेंचाइजी संचालन हेतु आवेदक के पास न्यूनतम 50 वर्गफीट का दुकान अथवा स्थान होना चाहिए। साथ ही कम्प्यूटर या स्मार्टफोन, प्रिंटर, स्कैनर एवं वजन मशीन जैसी आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध होना जरूरी है। चयनित आवेदक को 10 हजार रुपए की सुरक्षा राशि एनएससी, केवीपी या टीडी के रूप में जमा करवानी होगी।
ऑनलाइन आवेदन की अंतिम तिथि 31 मई 2026 निर्धारित की गई है। इच्छुक अभ्यर्थी डाक विभाग की आधिकारिक वेबसाइट के माध्यम से आवेदन कर सकते हैं। अधिक जानकारी के लिए कार्यालय डाक अधीक्षक, झालावाड़ मंडल में कार्यालय समय प्रातः 9:30 बजे से सायं 6 बजे तक संपर्क किया जा सकता है।

