शिक्षा के साथ हुनर निखारने की पहल, बच्चों के सर्वांगीण विकास पर विशेष जोर
भवानीमंडी। ( जगदीश पोरवाल )
भवानीमंडी के प्रतिष्ठित पीएम श्री सेठ आनन्दीलाल पोद्दार राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय में राजस्थान राज्य भारत स्काउट गाइड, जिला मुख्यालय एवं स्थानीय संघ भवानीमंडी के तत्वावधान में आयोजित ग्रीष्मावकाश कौशल विकास प्रशिक्षण शिविर का भव्य शुभारंभ हुआ। शिविर का उद्देश्य विद्यार्थियों को शिक्षा के साथ-साथ विभिन्न कौशलों में प्रशिक्षित कर उनके सर्वांगीण विकास को बढ़ावा देना है।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि प्रधान भारत स्काउट गाइड संघ भवानीमंडी एवं श्री गोपाल गौशाला के संरक्षक ओम प्रकाश चतुर्वेदी रहे। उन्होंने विद्यालय परिवार को इस नवाचारपूर्ण आयोजन के लिए बधाई देते हुए कहा कि ऐसे शिविर विद्यार्थियों के आत्मविश्वास और प्रतिभा को नई दिशा प्रदान करते हैं।
विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित डॉ. राजदीप सिंह छाबड़ा, अध्यक्ष आदर्श शाखा भारत विकास परिषद, ने शिविर में पूर्ण सहयोग देने का आश्वासन दिया। उन्होंने बताया कि परिषद द्वारा विद्यालय में स्वास्थ्य परीक्षण एवं मोटिवेशनल कार्यक्रम भी आयोजित किए जाएंगे।
भारत विकास परिषद के सचिव मधुर बाफना ने विद्यार्थियों एवं अभिभावकों को सर्वाइकल टीकाकरण के प्रति जागरूक करते हुए स्वास्थ्य सुरक्षा का संदेश दिया। वहीं सीबीईओ ब्लॉक भवानीमंडी कल्याण मल मेघवाल ने स्काउट गाइड प्रभारी राजकुमारी मेघवाल एवं स्काउट गाइड सचिव राजू गुर्जर के नेतृत्व की सराहना करते हुए कहा कि क्षेत्र में स्काउट-गाइड गतिविधियों ने नई ऊर्जा का संचार किया है। कार्यक्रम में गुराडिया भर्ता के प्राचार्य बालमुकुंद पाटीदार भी विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहे।
शिविर में विद्यार्थियों को कंप्यूटर प्रशिक्षण, ड्राइंग-पेंटिंग, मेहंदी, सिलाई, बुनाई-कढ़ाई, ब्यूटीशियन कोर्स, संगीत एवं गायन सहित अनेक आधुनिक एवं पारंपरिक कौशलों का निःशुल्क प्रशिक्षण दिया जा रहा है। इसके साथ ही पर्यावरण चेतना, नशामुक्ति अभियान, प्राथमिक चिकित्सा, समाजसेवा एवं खेलकूद जैसी गतिविधियों के माध्यम से बच्चों में सामाजिक जागरूकता भी विकसित की जा रही है।
विद्यालय में उपलब्ध उत्कृष्ट शैक्षणिक वातावरण, प्रशिक्षित शिक्षक, आधुनिक सुविधाएं तथा स्काउट-गाइड, खेलकूद एवं कौशल विकास जैसी गतिविधियों के कारण यह विद्यालय भवानीमंडी क्षेत्र में अभिभावकों की पहली पसंद बनता जा रहा है।
कार्यक्रम का संचालन दौलत राम शर्मा ने किया। इस अवसर पर राजेंद्र गुप्ता, रामनारायण नागर, मनोहर सिंह चौहान, आशा चंदन, उषा रानी सिंधी एवं मोनिका सोनी सहित बड़ी संख्या में शिक्षकगण, गणमान्य नागरिक एवं स्काउट-गाइड सदस्य उपस्थित रहे।
विद्यालय प्रशासन ने बताया कि नए शिक्षा सत्र के प्रवेश प्रारंभ हो चुके हैं तथा अभिभावक अपने बच्चों के उज्ज्वल भविष्य के लिए विद्यालय में संपर्क कर सकते हैं।

