दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेस-वे पर दर्दनाक हादसा: जावरा व्यापारी के भानपुरा के रिश्तेदार की मौत, तीन गंभीर घायल


जन संदेश ( जावरा – बंशी लाल पोरवाल )
दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेस-वे पर शनिवार 16 मई 2026 को हुए एक दर्दनाक सड़क हादसे में जावरा के मंडी व्यापारी सुरेश दसेड़ा के भानपुरा निवासी रिश्तेदार की मौत हो गई, जबकि तीन अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों को प्राथमिक उपचार के बाद रतलाम रेफर किया गया है। हादसे की सूचना मिलते ही पूर्व नपाध्यक्ष अनिल दसेड़ा, मंडी व्यापारी सुरेश दसेड़ा परिवार सहित समाजजन सिविल अस्पताल पहुंचे और घायलों के इलाज व रेफर की व्यवस्था में सहयोग किया।

जानकारी के अनुसार भानपुरा निवासी सुमेर नाहर अपनी पत्नी दीपिका नाहर, बेटी अवनी नाहर और मां विजयादेवी नाहर के साथ कार से जावरा आ रहे थे। इसी दौरान रिंगनोद थाना क्षेत्र में दिल्ली-मुंबई 8 लेन एक्सप्रेस-वे पर उनकी कार का अचानक टायर फट गया। टायर फटने से कार अनियंत्रित होकर आगे खड़ी एक स्कॉर्पियो वाहन से जा टकराई। हादसा इतना भीषण था कि कार में सवार दीपिका नाहर गंभीर रूप से घायल हो गईं, जिनकी उपचार के दौरान मौत हो गई।

वहीं सुमेर नाहर, उनकी बेटी अवनी नाहर और मां विजयादेवी नाहर हादसे में गंभीर रूप से घायल हो गए। तीनों को तत्काल जावरा के शासकीय अस्पताल लाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद हालत गंभीर होने पर रतलाम रेफर किया गया।

घटना के बाद अस्पताल परिसर में परिजनों और समाजजनों की भीड़ जमा हो गई। रिंगनोद थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!