जादू-टोना कर सोने के बिस्किट दिलाने का झांसा देकर लाखों की ठगी, आरोपी गिरफ्तार

मंदसौर। थाना कोतवाली पुलिस ने जादू-टोना कर सोने के बिस्किट दिलाने के नाम पर लाखों रुपये की ठगी करने वाले आरोपी को गिरफ्तार करने में सफलता प्राप्त की है। कार्रवाई पुलिस अधीक्षक विनोद कुमार मीणा के मार्गदर्शन एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक टी.एस. बघेल तथा नगर पुलिस अधीक्षक जितेन्द्र सिंह भास्कर के निर्देशन में थाना प्रभारी पुष्पेन्द्र सिंह राठौर के नेतृत्व में की गई।

पुलिस के अनुसार मंदसौर निवासी एक महिला ने 14 मई को थाना कोतवाली में रिपोर्ट दर्ज कराई कि वह सिलाई-कढ़ाई का कार्य करती है और पिछले चार-पांच वर्षों से भूरा खां नामक व्यक्ति के संपर्क में थी। आरोपी ने महिला को जादू-टोना कर घर से सोने के बिस्किट निकालने और लाखों रुपये का फायदा दिलाने का लालच दिया।

आरोपी ने महिला को अपनी बातों में फंसाकर जून 2025 से नवंबर 2025 के बीच नकद और ऑनलाइन माध्यम से कुल 13 लाख 80 हजार 790 रुपये ऐंठ लिए। बाद में आरोपी ने महिला के घर पर जादू-टोना करने का नाटक कर उसे 10 कथित सोने के बिस्किट दिए और बाजार में बेचने से मना किया।जब महिला को संदेह हुआ तो उसने परिचित सर्राफा व्यापारी को बिस्किट दिखाए, जहां जांच में वे पीतल के निकले। इसके बाद आरोपी ने अपना मोबाइल नंबर भी बंद कर लिया। जांच में आरोपी का पता सीतामऊ क्षेत्र का होना सामने आया।

महिला की रिपोर्ट पर थाना कोतवाली में अपराध क्रमांक 320/2026 धारा 318(4) बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई। पुलिस ने आरोपी भूरा खां पिता नन्हे खां उम्र 42 वर्ष निवासी अरगटा बस्ती, सीतामऊ जिला मंदसौर को गिरफ्तार कर लिया है।

आरोपी की निशानदेही पर तीन अन्य पीतल के बिस्किट भी बरामद किए गए हैं।पुलिस आरोपी से पूछताछ कर यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि उसने अन्य लोगों के साथ भी इस प्रकार की ठगी की है या नहीं। मामले में आगे की जांच जारी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!