जरूरतमंदों, यात्रियों और बाहर से आने वाले जैन परिवारों के लिए नवरत्न परिवार की प्रेरणादायी पहल
जन संदेश (जावरा बंशी लाल पोरवाल, )
जावरा नगर में सेवा, सहयोग और धर्म भावना का अद्भुत उदाहरण प्रस्तुत करते हुए सुतारीपुरा स्थित नवरत्न भवन, सपना डेंटल क्लीनिक के सामने “महावीर गौतम प्रसादी गृह” का शुभारंभ अत्यंत श्रद्धा और उत्साह के साथ किया गया। यह प्रसादी गृह विशेष रूप से उन जरूरतमंद परिवारों एवं बाहर से आने वाले जैन समाजजनों के लिए प्रारंभ किया गया है, जहां मात्र 20 रुपए प्रति व्यक्ति में शुद्ध, सात्विक एवं जैन भोजन उपलब्ध कराया जाएगा।
आचार्य श्री देवेश विश्रुतरत्न सागर सूरीश्वर जी महाराज के पावन आशीर्वाद से प्रारंभ हुई इस सेवा योजना का शुभारंभ मुख्य सूत्रधार संदीप श्रीश्रीमाल के नेतृत्व में संपन्न हुआ। कार्यक्रम में शेखर नाहर एवं आशीष चोरड़िया मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। वहीं सुरेश रांका, अतुल सुराणा, संजय आंचलिया, राजेश चत्तर, राजकुमार हरण एवं महेन्द्र रांका ने विशेष आतिथ्य प्रदान कर आयोजन की गरिमा बढ़ाई।इस अवसर पर जैन समाज के अनेक गणमान्य नागरिक एवं धर्मावलंबी उपस्थित रहे, जिनमें दक्ष श्रीश्रीमाल, राहुल मांडोत, श्याम बोहरा, राजेन्द्र बोहरा, देवेन्द्र धारीवाल, राकेश चोरड़िया, दीपक श्रीश्रीमाल, पारस लोढ़ा, विनोद ओस्तवाल, दीपक हिंगड़, रमेश चोपड़ा एवं कांतिलाल बाफना सहित बड़ी संख्या में समाजजन शामिल हुए।
मुख्य सूत्रधार संदीप श्रीश्रीमाल ने बताया कि वर्तमान समय में कई परिवारों एवं बाहर से आने वाले यात्रियों को शुद्ध एवं सात्विक भोजन की व्यवस्था में कठिनाइयों का सामना करना पड़ता है। इसी आवश्यकता को महसूस करते हुए नवरत्न परिवार द्वारा इस सेवा कार्य की शुरुआत की गई है।
यहां भोजन में दाल, सब्जी, पूरी, मिठाई एवं चावल सहित संपूर्ण जैन सात्विक भोजन उपलब्ध कराया जाएगा। साथ ही जरूरतमंदों के लिए टिफिन सुविधा भी प्रारंभ की गई है।इस पुनीत सेवा कार्य से प्रभावित होकर “रामकली चाय” जावरा के निर्माता अभय कुमार अश्विन कुमार भंडारी द्वारा भोजनशाला के पांच दिवस के संचालन का लाभ लिया गया। नवरत्न परिवार ने उनके प्रति आभार व्यक्त करते हुए इसे सेवा, सहयोग और धर्म भावना का प्रेरणादायी उदाहरण बताया।भोजन व्यवस्था प्रतिदिन सुबह 11 बजे से दोपहर 1 बजे तक तथा शाम 5 बजे से 7 बजे तक संचालित रहेगी। आयोजकों ने भोजन ग्रहण करने वाले परिवारों से आग्रह किया है कि वे सुबह 10 बजे तक एवं शाम 4 बजे तक मोबाइल नंबर 9770828171 पर पूर्व सूचना दे दें, जिससे व्यवस्थित रूप से भोजन तैयार किया जा सके।
नवरत्न परिवार ने समाजजनों से इस सेवा कार्य में खाद्य सामग्री एवं सहयोग प्रदान करने की अपील करते हुए कहा कि समाज के सहयोग से यह सेवा निरंतर चलती रहेगी। साथ ही सभी जरूरतमंद परिवारों से बिना संकोच इस व्यवस्था का लाभ लेने का आग्रह भी किया गया।“जहां सेवा में संस्कार हों और भोजन में आत्मीयता, वहीं सच्चे धर्म का वास होता है।”

